Tamnar Violence : रायपुर/रायगढ़। रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में शनिवार को जिंदल कोल माइंस के विरोध के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई हिंसक झड़प को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने इस पूरी घटना की निष्पक्ष जांच के आदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि जिंदल कंपनी के गारे पेलमा कोल ब्लॉक की जनसुनवाई को फर्जी बताकर पिछले कई दिनों से 14 गांवों के ग्रामीण शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे, लेकिन शनिवार को एक दुर्घटना के बाद स्थिति अनियंत्रित हो गई।
घटनाक्रम के अनुसार, तमनार के लिबरा चौक पर ग्रामीणों के प्रदर्शन के कारण वाहनों का परिचालन ठप था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की, जिससे तनाव बढ़ गया। इसी बीच खुरूषलेंगा गांव के पास एक भारी वाहन की टक्कर से साइकिल सवार ग्रामीण के घायल होने की खबर ने आग में घी का काम किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने तमनार थाना प्रभारी कमला पुसाम सहित पुलिस टीम पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हिंसा में महिला टीआई गंभीर रूप से घायल हो गईं और उपद्रवियों ने पुलिस की बस समेत दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने इस मामले में अब तक 30 से 35 लोगों को गिरफ्तार किया है और क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।











