गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस को अवैध हीरा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 6 नग अवैध हीरे के साथ तस्करी नेटवर्क से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गरियाबंद थाना क्षेत्र में की गई।
ग्राहक तलाशते हुए पकड़ा गया मुख्य आरोपी
गरियाबंद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति जिला अस्पताल गरियाबंद के सामने रोड पर बहुमूल्य खनिज हीरा लेकर ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुँचकर घेराबंदी की और बताए गए हुलिए के व्यक्ति को पकड़ा।
READ MORE : MP News : पन्ना में रहस्यमयी लापतागिरी : पत्नी ने पुलिस को बताया पड़ोसी संदिग्ध
पूछताछ में युवक ने अपना नाम जैन कुमार नेताम (45) निवासी छिंदौला बताया। तलाशी लेने पर उसके लोवर की जेब से एक सफेद कागज में लिपटा हुआ 6 नग हीरा अवैध रूप से बरामद हुआ।
इंटर-स्टेट खरीद-बिक्री नेटवर्क का खुलासा
पूछताछ में जैन कुमार नेताम ने बताया कि यह अवैध हीरा उसे रघुराम ध्रुव निवासी कोसमबुड़ा ने बेचने के लिए दिया था। उसने यह हीरा धमतरी जिले के दो आरोपियों, सूरज सोनी (30) और विशाल सोनी (25), दोनों निवासी जेल कॉलोनी, बठेना को बेचने के लिए घटनास्थल पर बुलाया था।
पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन दोनों खरीददारों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया। विवेचना के दौरान, अवैध हीरे की बिक्री कराने वाले मुख्य आरोपी रघुराम ध्रुव को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश
इस प्रकार, पुलिस ने एंड-टू-एंड कार्रवाई करते हुए अवैध हीरा तस्करी के पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। आरोपियों के कब्जे से 6 नग अवैध हीरे के साथ दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं (303 (2), 3 (5) बीएनएस, 21 (4) खान एवं खनिज विकास का विनियमन अधिनियम 1957) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।













