इंदौर। Nishaanebaz.com-Rahul Gandhi Indore Visit Rescheduled: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी 12 सितंबर को इंदौर में युवाओं और छात्रों को संबोधित करने वाले थे, लेकिन कार्यक्रम स्थल की प्रशासनिक अनुमति न मिलने के कारण कांग्रेस ने आयोजन की तारीख में बदलाव किया है। अब यह कार्यक्रम 12 सितंबर की जगह 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के लिए शहर के प्रमुख नेहरू स्टेडियम को मुख्य स्थल के रूप में चुना गया था, और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) लगातार इसके उपयोग की अनुमति के लिए प्रयासरत थी। हालांकि, स्टेडियम की परमिशन को लेकर शुरुआत से ही पेंच फंसा हुआ था। अंतिम समय तक अनुमति न मिलने के कारण कांग्रेस को आयोजन की तिथि आगे बढ़ानी पड़ी। अब चर्चा है कि पार्टी इस कार्यक्रम को रीजनल पार्क के सामने स्थित स्थल पर आयोजित करा सकती है, हालांकि नए स्थान पर आधिकारिक मुहर लगना अभी बाकी है।
Read More : Bilaspur violence: बिलासपुर हिंसा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 आरोपी गिरफ्तार; आरोपियों का निकाला जुलूस
नेहरू स्टेडियम की अनुमति को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र भी लिखा था। इसके अतिरिक्त उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से भी सार्वजनिक कार्यक्रम के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने की अपील की थी। बावजूद इसके, स्थल की मंजूरी न मिल पाने और तारीखों में हुए बदलाव को देखते हुए राजनीतिक गलियारों में यह माना जा रहा है कि पटवारी के पत्र और अपील का कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा।
मध्य प्रदेश में कुल मतदाताओं में लगभग 26 प्रतिशत युवा मतदाता हैं, जिसके चलते भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस दोनों ही दल युवाओं को अपने पाले में लाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। इंदौर के इस छात्र सम्मेलन को भी इसी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) इंदौर महानगर अध्यक्ष सौगात मिश्रा ने बयान जारी कर कांग्रेस पर छात्रों से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करने का आरोप लगाया था।
कांग्रेस का दावा है कि राहुल गांधी के इस ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में करीब 50 हजार से अधिक छात्र और युवा शामिल होंगे। प्रशासनिक हलकों में इतनी बड़ी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को भी अनुमति मिलने में देरी का एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। बहरहाल, आयोजन की तारीख 19 सितंबर तय होने के बाद अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तैयारियों के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है, वहीं पार्टी नए स्थान पर भव्य आयोजन की रूपरेखा तैयार करने में जुट गई है।





