सनम ने रचा खूनी खेल : राजा की हत्या कर लापता हुई सोनम, ढाबे से फोन कर बोली– मैं जिंदा हूं

Parivesh

इंदौर। इंदौर की नवविवाहिता सोनम रघुवंशी की हनीमून यात्रा अब एक खौफनाक मर्डर मिस्ट्री बन गई है। जिस महिला ने महज 28 दिन पहले शादी की, सिंदूर भरा, व्रत किए और हनीमून पर पति राजा रघुवंशी के साथ शिलांग गई, उसी ने पति की जान ले ली — ऐसा खुलासा पुलिस जांच में हुआ है।

राजा की लाश 2 जून को शिलांग के वेईसावडॉन्ग झरने के पास खाई में मिली थी। 17 दिन तक लापता रही सोनम आखिरकार 9 जून की सुबह उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के एक ढाबे में मिली, जहां से उसने अपने भाई को वीडियो कॉल कर जानकारी दी। इस एक कॉल ने हत्याकांड की कहानी का रुख पूरी तरह बदल दिया।

पुलिस ने सोनम को गाजीपुर के नंदगंज इलाके से हिरासत में लिया। शुरुआती मेडिकल जांच में उसके शरीर पर किसी तरह की चोट या जबरदस्ती के निशान नहीं मिले। पूछताछ में सामने आया कि सोनम का शादी से पहले ही किसी युवक से प्रेम संबंध था, जो विवाह के बाद भी जारी रहा। उसी प्रेमी के साथ मिलकर सोनम ने राजा की हत्या की योजना बनाई थी।

ऐसे रची गई हत्या की साजिश:

11 मई को शादी, 20 मई को हनीमून के लिए शिलांग रवाना, 22 मई को शिपारा होमस्टे में स्टे, 23 मई को सुबह 6 बजे चेकआउट और फिर दोनों लापता। 24 मई को जंगल में मिली लावारिस स्कूटी और कपड़े, और फिर 2 जून को झरने के पास मिली राजा की लाश। शव की पहचान हाथ पर बने टैटू से हुई।

प्रेम, झूठ और कत्ल की कहानी:

पुलिस के अनुसार, सोनम ने राजा को पहले झूठे प्रेम में फंसाया और फिर शादी के बहाने हनीमून ट्रैप बनाया। सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्डिंग से पता चला कि वह लगातार अपने प्रेमी से संपर्क में थी। राजा की मां से आखिरी कॉल में सोनम ने मासूमियत से कहा था – “मां ये मुझे जंगलों में घुमा रहे हैं, झरना देखने आए हैं…”
और कुछ ही घंटों बाद राजा की जिंदगी खत्म हो गई।

पुलिस का दावा:

मेघालय के डीजीपी और सीएम कॉनराड संगमा ने मामले में बड़ी सफलता का दावा किया है। सोनम सहित चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है — तीन इंदौर से और एक यूपी से। एक आरोपी अब भी फरार है। सोनम से गहन पूछताछ जारी है और जल्द ही और खुलासे की उम्मीद की जा रही है।

मां का दर्द – “ये भी दुख है, वो भी दुख है”

सोनम की मां संगीता ने बेटी के मिलने पर खुशी तो जताई लेकिन साथ ही कहा – “अब सच सामने आएगा कि बेटी निर्दोष है या दोषी। जो हुआ, वह पूरे परिवार के लिए सदमा है।”

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *