Local body elections 2026 : बैकुंठपुर (कोरिया): छत्तीसगढ़ में आगामी नवंबर 2026 में होने वाले नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने अभी से अपनी कमर कस ली है। हालिया पंचायत और निकाय चुनावों में मिली जीत से उत्साहित पार्टी ने प्रदेश के नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के लिए रणनीतिक प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। पार्टी का लक्ष्य इस बार पारंपरिक प्रतिद्वंदियों—भाजपा और कांग्रेस को कड़ी चुनौती देना है।
पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेश राजवाड़े और लोकसभा अध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय संगठन महासचिव डॉ. संदीप पाठक और प्रदेश सह-प्रभारी मुकेश अहलावत के निर्देशों के बाद संगठन को युद्ध स्तर पर तैयार किया जा रहा है। राजेश राजवाड़े ने घोषणा की है कि इस बार के निकाय चुनाव में पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के शीर्ष नेता छत्तीसगढ़ में डेरा डालेंगे और प्रत्याशियों के पक्ष में सघन प्रचार करेंगे, जो कि राज्य में ‘आप’ के इतिहास में पहली बार होगा।
प्रमुख नियुक्तियां और प्रभार:
पार्टी ने अनुभवी और समर्पित साथियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है:
-
नगर पालिक निगम: विकास पाण्डेय (बीरगांव-रायपुर), डॉ. एस.के. अग्रवाल (भिलाई), देविंदर सिंह भाटिया (भिलाई चरौदा) और संजीत विश्वकर्मा (रिसाली)।
-
नगर पालिका परिषद: रमाशंकर मिश्रा (बैकुंठपुर), जगलाल राठिया (शिवपुर चरचा), अभिषेक मिश्रा (सारंगढ़-बिलाईगढ़), अजय रामटेके (जामुल) और मनोज गुप्ता (खैरागढ़)।
-
नगर पंचायत: प्रियंका शुक्ला (बम्हनीडीह), मनोज दुबे (प्रेमनगर), सीताराम मानिकपुरी (शिवनंदनपुर), घनश्याम चंद्राकर (पलारी), पवन चंद्रवंशी (मारो), भूपेश तिवारी (घुमका), सुरेश कवासी (कोटा), तेजेंद्र तोडेकर (नरहरपुर), समीर खान (भैरमगढ़) और सतीश मंडावी (भोपालपटनम)।
जनता के बीच ‘विकल्प’ बनने की तैयारी
राजेश राजवाड़े के अनुसार, छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस और भाजपा के जनप्रतिनिधियों के कामकाज से ऊब चुकी है। आम आदमी पार्टी एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी और जनता के बुनियादी मुद्दों को लेकर संघर्ष करेगी। पार्टी को भरोसा है कि दिल्ली और पंजाब के कार्यों से प्रभावित होकर छत्तीसगढ़ की जनता इस बार निकाय चुनाव में उन्हें अपना पूरा आशीर्वाद देगी।











