Khandwa Medical College Suicide : खंडवा: शहर के शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सुरक्षा और निगरानी की बड़ी चूक सामने आई है। अस्पताल की चौथी मंजिल से एक मरीज ने कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया और बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
कौन था मृतक और क्यों था भर्ती?
मृतक की पहचान लाल बादशाह उर्फ सुरेश चौहान (निवासी: चीराखदान, खंडवा) के रूप में हुई है।
-
इलाज: सुरेश की टांग टूट गई थी, जिसके उपचार के लिए उन्हें 4 दिन पहले मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
-
वजह: अस्पताल स्टाफ और सुरक्षा अधिकारी नारायण पटेल के अनुसार, सुरेश पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में दिख रहा था और बार-बार अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर जाने की जिद कर रहा था।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक की पत्नी समोति बाई ने बताया कि वे इलाज के लिए यहाँ आए थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि अस्पताल में उनके साथ ऐसी अनहोनी हो जाएगी। सुरक्षा अधिकारी नारायण पटेल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि चौथी मंजिल की गैलरी या खिड़की तक मरीज अकेला कैसे पहुँचा और वहां सुरक्षाकर्मी तैनात थे या नहीं।











