Katni Police Custodial Torture : कटनी (27 फरवरी 2026): मध्य प्रदेश के कटनी जिले से पुलिस प्रताड़ना का एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक पीड़ित युवक, जो अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत दर्ज कराने थाने पहुँचा था, उसका आरोप है कि पुलिस ने उसे ही लॉकअप में बंद कर बेरहमी से पीटा। घायल युवक वर्तमान में कटनी जिला अस्पताल में भर्ती है, जहाँ उसका उपचार चल रहा है।
क्या है पूरा मामला? पीड़ित संजय साहू के अनुसार, दो दिन पहले कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की थी। इसी घटना की एफआईआर (FIR) दर्ज कराने के लिए वह एनकेजे (NKJ) थाने गया था। संजय का आरोप है कि वहां मौजूद एनकेजे थाना प्रभारी और बस स्टैंड चौकी प्रभारी सिद्धार्थ राय ने उसकी बात सुनने के बजाय उसे गालियां दीं और थाने के अंदर बंद कर दिया। आरोप है कि इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान उभर आए हैं।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने साधी चुप्पी सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो में पीड़ित के शरीर पर मारपीट के गहरे नीले निशान साफ देखे जा सकते हैं। जिला अस्पताल में भर्ती संजय ने बताया कि उसे न्याय की जगह पुलिस की लाठियां मिलीं। वहीं, इस गंभीर मामले पर कटनी जिला पुलिस के आला अधिकारियों ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है। सूत्रों का कहना है कि विभाग के भीतर ही अपने साथी पुलिसकर्मियों को बचाने की कोशिशें शुरू हो गई हैं।
विपक्ष और जनता में आक्रोश थाने के भीतर हुई इस मारपीट की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर थाने के भीतर फरियादी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी न्याय के लिए कहाँ जाएगा? इस घटना ने एक बार फिर मध्य प्रदेश पुलिस की ‘मृदुभाषी’ और ‘सेवाभावी’ छवि पर सवालिया निशान लगा दिया है।











