कटनी:जिले के बरही वन परिक्षेत्र अंतर्गत जाजागढ़ क्षेत्र में स्थित एक क्रेशर प्लांट में उस समय हड़कंप मच गया, जब ऑफिस के अंदर तेंदुए का एक शावक दिखाई दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मासूम शावक ऑफिस परिसर में घूमता नजर आ रहा है।
वन क्षेत्र से भटककर प्लांट में पहुंचा शावक
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक क्रेशर प्लांट वन परिक्षेत्र से सटा हुआ है। इसी कारण दो माह का तेंदुआ शावक भटककर प्लांट परिसर में पहुंच गया। शावक को ऑफिस के अंदर देख कर्मचारियों में दहशत फैल गई और तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई।
वनकर्मियों ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। शावक को सुरक्षित पकड़कर वन विभाग की निगरानी में रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार शावक की उम्र लगभग दो महीने बताई जा रही है।
Read More : M.P News : AIIMS भोपाल के गेट पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म, ऑटो चालक छोड़कर भागा
मां से मिलाने का प्रयास जारी
वन विभाग के अधिकारी शावक को उसकी मां से मिलाने के प्रयास में जुटे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि आसपास के जंगल क्षेत्र में ही तेंदुए की मौजूदगी हो सकती है। ऐसे में निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि शावक को प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ा जा सके।
यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि वन क्षेत्र से लगे औद्योगिक इलाकों में वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ रही है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।











