C.G Jobs : युवाओं को सुनहरा मौका! छत्तीसगढ़ में 5000 शिक्षकों की भर्ती का ऐलान…

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने शिक्षा विभाग में 5000 शिक्षकों की भर्ती करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा संबल

मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि 5000 शिक्षकों की भर्ती का निर्णय न केवल युवाओं को रोजगार देगा, बल्कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूत बनाएगा। लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को भरने से स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

संभावित परीक्षा तिथियां घोषित

छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) ने वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां जारी कर दी हैं।

  • सहायक शिक्षक परीक्षा – 11 अक्टूबर 2026

  • शिक्षक परीक्षा – 25 अक्टूबर 2026

  • व्याख्याता परीक्षा – 29 नवंबर 2026

इन तिथियों के जारी होने से अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी की स्पष्ट रूपरेखा बनाने में सुविधा मिलेगी।

अभ्यर्थियों को सीएम का संदेश

मुख्यमंत्री ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने युवाओं को प्रदेश के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला बताया।

व्यापम ने जारी किया संभावित कैलेंडर

छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने स्कूल शिक्षा विभाग के विभिन्न पदों के लिए संभावित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। पिछले कुछ वर्षों में प्रशासनिक कारणों से कई पद खाली थे, लेकिन अब भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने से युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है।भर्ती से जुड़ी विस्तृत अधिसूचना और पात्रता संबंधी जानकारी जल्द ही व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *