Kanker News: कांकेर। शहर और आसपास के रहवासी इलाकों में लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए कांकेर यातायात पुलिस ने अब बेलगाम रफ्तार से दौड़ रही बसों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। यातायात पुलिस की टीम ने बाफना लोन एरिया और नंदनमारा क्षेत्र में अभियान चलाकर तेज गति से बस चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान अब तक 7 बसों पर चालानी कार्रवाई करते हुए करीब 12 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
Kanker News: यातायात पुलिस के इस अभियान से बस चालकों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस के मुताबिक रहवासी क्षेत्रों में बसों की तेज रफ्तार को लेकर आम नागरिकों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। ऐसे इलाकों में बसों की अनियंत्रित गति राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
हादसों के बाद जागा यातायात अमला
कांकेर यातायात प्रभारी दीपक साव ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए उच्च अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई लगातार जारी है। बाफना लोन एरिया और नंदनमारा सहित अन्य संवेदनशील एवं रहवासी क्षेत्रों में तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी की जा रही है। अब तक 7 बसों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा चुकी है।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि रहवासी क्षेत्र में ओवरस्पीड बस चलाते पाए जाने पर किसी भी बस को बख्शा नहीं जाएगा। बस निजी हो या किसी अन्य ऑपरेटर की, नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सड़क पर रफ्तार नहीं, सुरक्षा जरूरी
यातायात पुलिस ने बस चालकों और बस मालिकों से अपील की है कि रहवासी क्षेत्रों में वाहन की गति नियंत्रित रखें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि सड़क पर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और दुर्घटनाओं की रोकथाम करना है।
Kanker News: रहवासी इलाकों में तेज रफ्तार पर कार्रवाई का यह अभियान आगे भी जारी रहने की बात यातायात पुलिस ने कही है। ऐसे में बस चालकों को अब साफ संदेश है—सड़कों पर यात्रियों को मंजिल तक पहुंचाना है, रफ्तार की होड़ नहीं लगानी है।






