Kanker News : कांकेर। जिले के मशहूर मलांजकुड़ुम जलप्रपात में एक बार फिर दर्दनाक हादसा हुआ है। रायपुर से घूमने आए युवक का पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान गोपाल चंद्राकर के रूप में हुई है, जो अपने पांच दोस्तों के साथ शनिवार को यहां पहुंचा था।
Kanker News : प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोपाल चेतावनी क्षेत्र को नजरअंदाज कर डेंजर जोन में चला गया। वहां चिकने पत्थर पर फिसलने से वह सीधे नीचे गिर पड़ा। हादसे की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण रात में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका। रविवार सुबह नगर सेना और गोताखोरों की टीम ने खोजबीन कर शव को बाहर निकाला।
गौर करने वाली बात यह है कि मलांजकुड़ुम जलप्रपात में हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा। 2022 में भी यहां दो युवकों की जान जा चुकी थी, लेकिन अब तक पर्यटकों की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग के बावजूद प्रशासन लापरवाह बना हुआ है।













