भोपाल : दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ लगाए गए नारों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे निंदनीय और देशद्रोह की श्रेणी में आने वाला बताया है।
प्रधानमंत्री को गाली देना देश की जनता का अपमान
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल देश की जनता को गाली देने के समान है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का अधिकार है, लेकिन उसकी आड़ में राष्ट्रविरोधी भाषा स्वीकार्य नहीं हो सकती।
देश तोड़ने वाली ताकतों पर साधा निशाना
सारंग ने आरोप लगाया कि देश को कमजोर करने वाली ताकतें लंबे समय से अनर्गल बयानबाजी करती आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की मानसिकता को विपक्षी नेताओं से संरक्षण मिलता रहा है, जिसकी झलक जेएनयू जैसे शिक्षण संस्थानों में देखने को मिलती है।
Read More : C.G News : छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का सख्त आदेश, 28 फरवरी तक जजों को बतानी होगी अपनी संपत्ति
राहुल गांधी पर लगाया गंभीर आरोप
मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जब वे विदेश दौरे पर जाकर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं, तो देशविरोधी सोच को बढ़ावा मिलता है। इससे राष्ट्रविरोधी तत्वों को नैतिक समर्थन मिलता है।
शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रविरोध अस्वीकार्य
विश्वास सारंग ने स्पष्ट किया कि भारत में रहने वाला कोई भी देशभक्त नागरिक शिक्षण संस्थानों में देशद्रोही और संविधान विरोधी गतिविधियों को स्वीकार नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि यह मानसिकता जेएनयू के छात्रों की नहीं, बल्कि देश को तोड़ने की सोच रखने वालों की है।











