Jeetu Patwari Statement Controversy : इंदौर। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के महिलाओं को लेकर दिए गए विवादित बयान पर इंदौर की सियासत गरमा गई है। विरोध के बीच बीजेपी नेता और पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने मंच से महिलाओं से सीधे सवाल पूछकर माहौल और गरमा दिया।
Jeetu Patwari Statement Controversy : दरअसल, आकाश विजयवर्गीय ने अपने संबोधन में कहा – “जीतू पटवारी कहते हैं कि मप्र की महिलाएं बहुत शराब पी रही हैं… क्यों दीदी, ऐसा है क्या? हम तो आपको माता मानते हैं, देवी का रूप मानते हैं। कभी-कभी चलता है क्या?” इस दौरान उन्होंने महिलाओं से हाथ उठाकर जवाब देने को कहा, लेकिन किसी ने हाथ नहीं उठाया। इसके बाद आकाश ने कहा – “अब बताइए किसने आज तक शराब नहीं पी है?” तब सभी महिलाओं ने हाथ उठाया।
आकाश ने आगे कहा कि हमारे यहां संस्कार ऐसे हैं कि महिलाएं शराब से दूर रहती हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला सम्मान पर ऐसे बयान समाज में गलत संदेश देते हैं। इसके साथ ही राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माता पर भी अपशब्द कहे थे, जबकि वे समाज सेवा और सादगी की मिसाल थीं, जिन्होंने नोटबंदी के समय भी आम नागरिकों की तरह लाइन में खड़े होकर उदाहरण प्रस्तुत किया था। इंदौर में यह मुद्दा अब गरमा गया है और इसे लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।













