जशपुर। Nishaanebaz.com-Jashpur Blind Murder Case Solved Within 24 Hours: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के थाना आस्ता अंतर्गत ग्राम हर्री में हुई महिला धनमनी बाई की सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी को जशपुर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है। बेटी से एकतरफा प्यार और बातचीत से मना करने की रंजिश में महिला पर टांगिया (कुल्हाड़ी) से जानलेवा वार कर हत्या करने वाले आरोपी अवधेश राम उर्फ ‘गुटका’ (30 वर्ष) को पुलिस ने पड़ोसी राज्य झारखंड के रायडीह से घेराबंदी कर धर दबोचा है।
घटना के अनुसार, 4 सितंबर को प्रार्थी (मृतका के पति) ने थाना आस्ता में शिकायत दर्ज कराई कि 3 सितंबर की सुबह खाना खाने के बाद वह मवेशी चराने जंगल गया हुआ था और उसकी पत्नी धनमनी बाई घर पर अकेली थी। शाम को जब वह वापस लौटा तो उसकी पत्नी घर के अंदर गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ी हुई थी और पास में ही टांगिया पड़ा था। अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना आस्ता में बीएनएस (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीकृत कर जांच शुरू की गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर तुरंत विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को बुलाकर घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कराया गया। पुलिस द्वारा परिजनों और ग्रामीणों से की गई विस्तृत पूछताछ के दौरान यह तथ्य सामने आया कि ग्राम कोमडो निवासी अवधेश राम कुछ दिन पूर्व मृतका के घर आया था और उसके साथ विवाद किया था।
Read More : MP Jila Panchayat CEO Transfer: मध्यप्रदेश में 6 जिला पंचायत CEO के तबादले, GAD ने जारी किया आदेश
प्राथमिक संदेह के आधार पर पुलिस टीम जब आरोपी के कोमडो स्थित घर पहुंची तो वह फरार पाया गया। इसके बाद पुलिस की टेक्निकल और सर्विलांस टीम ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया, जिससे उसकी मौजूदगी रायडीह (झारखंड) में पाई गई। आस्ता पुलिस की टीम ने बिना समय गंवाए रायडीह में दबिश देकर आरोपी अवधेश राम को हिरासत में ले लिया और जशपुर लेकर आई।
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी अवधेश राम उर्फ ‘गुटका’ ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह मृतका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था, लेकिन युवती द्वारा बात न करने पर वह काफी नाराज था। घटना के दिन जब वह मृतका के घर पहुंचा तो घर में अकेली मौजूद मां ने उसे अपनी बेटी से दूर रहने और परेशान न करने की चेतावनी दी। इससे आक्रोशित होकर आरोपी ने आवेश में आकर पास रखे टांगिया से महिला के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटाकर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।






