Rahul Gandhi Indore Visit: दौरे से पहले गरमाई सियासत, कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर रागिनी नायक का ‘घंटा’ वाला पलटवार

Anuj Nirala

[nishaanebaz.com] Rahul Gandhi Indore Visit: इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 19 सितंबर को प्रस्तावित इंदौर दौरे से पहले मध्यप्रदेश की सियासत गरमा गई है। राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी के इंदौर दौरे से भाजपा को फायदा होने की बात कही थी। अब कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने विजयवर्गीय के बयान पर उन्हीं के अंदाज में पलटवार किया है।

रागिनी नायक ने तंज कसते हुए कहा कि अगर कैलाश विजयवर्गीय यह कह रहे हैं कि राहुल गांधी के इंदौर आने से भाजपा को फायदा होगा, तो “घंटा, भाजपा को घंटा फायदा होगा।” उनके इस बयान के बाद एक बार फिर इंदौर की राजनीति में ‘घंटा’ शब्द चर्चा में आ गया है।

रागिनी नायक ने कैलाश विजयवर्गीय पर साधा निशाना

राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए रागिनी नायक ने कैलाश विजयवर्गीय पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विजयवर्गीय जो भी बयान देते हैं, कई बार उनका खुद ही मजाक बन जाता है।

Teacher’s Day MP: बोर्ड मेरिट में सरकारी स्कूलों का जलवा, CM मोहन यादव बोले- ‘जहां गुरुर समाप्त, वहीं गुरु की प्राप्ति’

रागिनी नायक ने कहा कि अगर उनका दावा है कि राहुल गांधी के इंदौर आने से भाजपा को फायदा होगा, तो वह इससे सहमत नहीं हैं। उन्होंने तंज के अंदाज में कहा कि भाजपा को “घंटा” फायदा होगा।कांग्रेस प्रवक्ता ने विजयवर्गीय को बयान देने से पहले अपने गिरेबान में झांकने और बोलने से पहले सोचने की नसीहत भी दी।

19 सितंबर को इंदौर आएंगे राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे को लेकर कांग्रेस की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। राहुल गांधी के इंदौर पहुंचने से पहले ही इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।भाजपा की ओर से जहां राहुल गांधी के दौरे को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रिया सामने आ रही है, वहीं कांग्रेस नेता भी भाजपा के बयानों पर पलटवार कर रहे हैं। ऐसे में राहुल गांधी के दौरे से पहले इंदौर का सियासी माहौल लगातार गरमाता दिखाई दे रहा है।

‘घंटा’ शब्द से जुड़ा है इंदौर का पुराना विवाद

रागिनी नायक के बयान में इस्तेमाल किया गया ‘घंटा’ शब्द इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि इसका संबंध इंदौर के एक पुराने राजनीतिक विवाद से जुड़ा है।दिसंबर 2025 में इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में मुख्य पेयजल सप्लाई लाइन में सीवर का पानी मिलने के बाद दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत हुई थी। इस मामले की न्यायिक जांच रिपोर्ट में 24 लोगों की मौत की पुष्टि की गई थी।

MP Jila Panchayat CEO Transfer: मध्यप्रदेश में 6 जिला पंचायत CEO के तबादले, GAD ने जारी किया आदेश

दूषित पानी कांड के दौरान इंदौर में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला था। इसी दौरान कैलाश विजयवर्गीय के एक बयान में ‘घंटा’ शब्द के इस्तेमाल को लेकर काफी विवाद हुआ था और उन्हें सोशल मीडिया पर भी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था।

एक बार फिर सियासी बयानबाजी के केंद्र में ‘घंटा’

अब राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले रागिनी नायक ने उसी शब्द का इस्तेमाल करते हुए कैलाश विजयवर्गीय पर निशाना साधा है। इससे करीब आठ महीने बाद इंदौर की राजनीति में ‘घंटा’ शब्द एक बार फिर चर्चा में आ गया है।राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी आगे भी तेज होने के आसार हैं। फिलहाल रागिनी नायक के इस पलटवार ने राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले सियासी माहौल को और गरमा दिया है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *