मोहला-मानपुर – मोहला-मानपुर पुलिस ने कस्बे में बिना सूचना के किराए पर रह रहे उत्तर प्रदेश के सात संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ धारा 128 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।
मानपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बृजेश सिन्हा ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बाहरी व्यक्तियों और किराएदारों की जांच का अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान पुलिस ने मानपुर कस्बे के अलग-अलग मकानों से इन संदिग्धों को पकड़ा।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी व्यक्ति उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इनमें से छह बागपत जिले के और एक शामली जिले का है। उनकी पहचान इस प्रकार है:
- मोहम्मद सद्दाम खान (32), पिता आमीरुद्दीन
- मोहम्मद जाकिर (30), पिता नजीर
- मोहम्मद अय्यूब अली (50), पिता नशीर
- मोहम्मद शाहिद (34), पिता वालियन
- मोहम्मद कासिम (22), पिता अमिनू
- मोहम्मद मुस्तकीन (24), पिता अनिसा
- मोहम्मद नसीम (45), पिता शब्बीर (निवासी जिला शामली)
पुलिस ने बताया कि ये सभी काफी दिनों से बिना स्थानीय प्रशासन को सूचित किए मानपुर में रह रहे थे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से इन्हें एसडीएम कोर्ट में पेश किया जाएगा। यह कार्रवाई बाहरी व्यक्तियों पर निगरानी रखने के पुलिस के अभियान का हिस्सा है।











