Hindustan Unilever Court Action : बिलासपुर में नकली उत्पादों के बड़े साम्राज्य का भंडाफोड़: बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश पर महादेव जनरल स्टोर्स के ठिकानों पर छापा

0
68

Hindustan Unilever Court Action : बिलासपुर: न्यायधानी के व्यापार विहार (मालधक्का क्षेत्र) में नामी कंपनियों के नाम पर नकली उत्पाद बेचने वाले एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ है। हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की याचिका पर सुनवाई करते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया, जिसके बाद कोर्ट द्वारा नियुक्त एडिशनल स्पेशल रिसीवर ने पुलिस बल के साथ महादेव जनरल स्टोर्स के गोदामों पर दबिश दी। इस कार्रवाई ने व्यापार जगत में हड़कंप मचा दिया है।

ब्रांडेड रैपर में घटिया माल: छापेमारी के दौरान एडिशनल स्पेशल रिसीवर एचएन जोशी ने जोन-1 और जोन-2 स्थित ठिकानों पर जांच की, जहां भारी मात्रा में डुप्लीकेट उत्पाद बरामद किए गए। तस्कर असली ब्रांड के रैपर का उपयोग कर ग्राहकों की आंखों में धूल झोंक रहे थे। जांच टीम ने मौके से सर्फ एक्सेल के 80 ग्राम वाले 5280 पैकेट और रेड लेबल चायपत्ती के 1 किलो वाले 80 पैकेट जब्त किए हैं, जो प्रथम दृष्टया नकली पाए गए।

हाईकोर्ट की सख्त निगरानी: यह पूरी कार्रवाई हाईकोर्ट द्वारा 24 नवंबर 2025 से 17 मार्च 2026 के बीच दिए गए विभिन्न आदेशों के परिपालन में की गई है। जब्त किए गए सामान को फिलहाल सील कर कंपनी प्रतिनिधियों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। एडिशनल स्पेशल रिसीवर अब इस छापेमारी की विस्तृत रिपोर्ट माननीय न्यायालय को सौंपेंगे, जहां इस मामले की अगली सुनवाई 8 मई को निर्धारित की गई है।

सक्रिय है मालगोदाम नेटवर्क: सूत्रों के अनुसार, संभाग के सबसे बड़े व्यापारिक केंद्र व्यापार विहार में इन दिनों नकली उत्पादों का नेटवर्क काफी गहरा हो चुका है। यहां से थोक व्यापारियों के जरिए डुप्लीकेट सामान पूरे क्षेत्र के छोटे दुकानदारों तक पहुंचाया जा रहा है। महादेव जनरल स्टोर्स के संचालक रवि मंगलानी की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई ने इस काले कारोबार की परतों को खोल दिया है, जिससे अब अन्य संदिग्ध गोदामों पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here