Khargone News: खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ गोगांवा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 15 अवैध पिस्टल के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त हथियारों की अनुमानित कीमत करीब 2.25 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में चार भिंड जिले के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी अहमदाबाद, गुजरात का निवासी बताया गया है। आरोपी सिग्नुर गांव से अवैध हथियार खरीदने के बाद घुघरियाखेड़ी होते हुए खरगोन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया।
Khargone News: गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित उर्फ बाबू, विष्णु चौहान, लवकुश चौहान, शैलेंद्र उर्फ गोलू और रामगोपाल उर्फ बिहारी के रूप में हुई है। एएसपी बिट्टू सहगल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त, सप्लाई चैन और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हथियार तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।






