फरीदकोट। पंजाब के फरीदकोट जिले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी और गुम हुए 365 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। इन मोबाइलों की कुल कीमत करीब 85 लाख रुपये आंकी गई है। यह पहल न केवल वित्तीय नुकसान की भरपाई का कारण बनी, बल्कि लोगों के व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी अहम रही।
पुलिस लाइन फरीदकोट में आयोजित समारोह में एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने मोबाइल फोन सीधे मालिकों को सौंपे। कई लोग खुशी के आंसू बहाते नजर आए। फरीदकोट पुलिस की इस पहल की स्थानीय जनता ने जमकर सराहना की। कई लोगों ने कहा कि पुलिस ने उनकी उम्मीदें फिर से जगाई और उनके व्यक्तिगत डेटा को भी सुरक्षित रखा।
एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि मोबाइलों की बरामदगी तकनीकी ट्रैकिंग और निगरानी के जरिए संभव हो सकी। इसके लिए साइबर क्राइम थाना, टेक्निकल सेल और जिले के सभी थानों ने संयुक्त प्रयास किए। उन्होंने कहा कि मोबाइल सिर्फ एक गैजेट नहीं, बल्कि इंसान की पूरी डिजिटल जिंदगी है। इसमें फोटो, वीडियो, बैंकिंग डिटेल्स और निजी जानकारियां होती हैं।
Read News : Crime News : पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 29 पेटी अवैध शराब जब्त, एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
डॉ. जैन ने कहा, “मोबाइल गुम होना न केवल आर्थिक नुकसान देता है, बल्कि डाटा के दुरुपयोग का खतरा भी बढ़ाता है। पिछले एक साल में इतनी बड़ी संख्या में मोबाइल बरामद कर लौटाना पुलिस की जनता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
इस कार्रवाई से न केवल संपत्ति की वापसी हुई, बल्कि लोगों का भरोसा भी पुलिस पर मजबूत हुआ।











