Thursday, August 20, 2026
Home Madhya Pradesh Ghoghar Cemetery Dispute : रीवा: घोघर कब्रिस्तान में जमीन कब्जे को लेकर...

Ghoghar Cemetery Dispute : रीवा: घोघर कब्रिस्तान में जमीन कब्जे को लेकर खूनी संघर्ष, कमेटी पर जमकर हुई पत्थरबाजी; वीडियो वायरल

 Ghoghar Cemetery Dispute : रीवा (मध्य प्रदेश): शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत घोघर कब्रिस्तान में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कब्रिस्तान की बेशकीमती जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। वक्फ बोर्ड की जमीन पर सौंदर्यीकरण का कार्य करा रही ‘आवाम फाउंडेशन’ की टीम पर वहां काबिज कुछ परिवारों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। इस हिंसक झड़प में कमेटी के कई लोग चोटिल हुए हैं। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बस्ती के लोग पत्थरों से हमला करते साफ नजर आ रहे हैं।

सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान भड़का विवाद जानकारी के अनुसार, आवाम फाउंडेशन द्वारा कब्रिस्तान में सड़क, बावड़ी निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। आरोप है कि कब्रिस्तान परिसर में ही अनाधिकृत रूप से रह रहे कुछ परिवार इस जमीन पर पत्थर गाड़कर अवैध कब्जा करने की फिराक में हैं। सोमवार दोपहर जब फाउंडेशन के सदस्य मौके पर पहुंचे और अतिक्रमण का विरोध किया, तो वहां रहने वाले साईं परिवारों ने उन पर हमला बोल दिया।

पुरानी रंजिश और आपराधिक गतिविधियों का आरोप आवाम फाउंडेशन के अध्यक्ष रफी कैसर खान ने आरोप लगाया कि कब्रिस्तान में अवैध रूप से बस्ती बनाकर रहने वाले लोग न केवल जमीन हड़पना चाहते हैं, बल्कि वहां संदिग्ध और आपराधिक गतिविधियों को भी अंजाम देते हैं। इस संबंध में पूर्व में भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं। पत्थरबाजी की इस घटना के बाद पीड़ितों ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

प्रशासन की नजर, जांच शुरू मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार अनुपम शर्मा ने भी संज्ञान लिया है। राजस्व विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जमीन के दस्तावेजों की जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि वक्फ की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पत्थरबाजी करने वाले दोषियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here