पत्नी से अवैध संबंध के शक में विवाद, पेट में लात मारकर युवक की मौत

Parivesh
पत्नी से अवैध संबंध के शक में विवाद (1)

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के खरसिया थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। ग्राम डुमरपाली निवासी 38 वर्षीय सुरीत कुमार राठिया की मौत उस वक्त हुई, जब गांव के ही नोहर प्रसाद डनसेना ने गुस्से में आकर उसके पेट में जोरदार लात मार दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे की है। सुरीत की पत्नी तीजमती को नोहर डनसेना एक शादी समारोह में छोड़ने के लिए कुनकुनी गया था। इसी दौरान रास्ते में सुरीत और नोहर की मुलाकात हुई। सुरीत ने नोहर पर अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। बात बढ़ी तो नोहर ने आवेश में आकर सुरीत के पेट में लात मार दी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। इसके बाद नोहर मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही सुरीत के भाई और परिजन मौके पर पहुंचे और उसे घरेलू इलाज देना शुरू किया। लेकिन गुरुवार रात उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उसे खरसिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अफसोस, रायगढ़ ले जाते वक्त रास्ते में ही सुरीत ने दम तोड़ दिया।

थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत पर नोहर प्रसाद डनसेना के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *