Operation Sindoor: पाकिस्तान का पोस्ट और ड्रोन लॉन्च पैड तबाह

Parivesh
Operation Sindoor पाकिस्तान का पोस्ट और ड्रोन लॉन्च पैड तबाह

नई दिल्ली: भारतीय सेना ने पाकिस्तान की नापाक हरकतों का करारा जवाब देते हुए एक बड़ा ऑपरेशन अंजाम दिया है। इस कार्रवाई में सेना ने पाकिस्तान के एक महत्वपूर्ण पोस्ट और आतंकी लॉन्च पैड को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। ये वही पोस्ट था जहाँ से ट्यूब-लॉन्च ड्रोन भारत में घुसपैठ और हमले के लिए भेजे जा रहे थे। पाकिस्तान की ओर से हाल ही में ड्रोन हमलों की बढ़ती घटनाओं के बीच, भारतीय एयर डिफेंस ने शनिवार सुबह करीब 5 बजे पंजाब के अमृतसर के खासा कैंट इलाके में दुश्मन के कई सशस्त्र ड्रोन को देख कर तुरंत कार्रवाई की और सभी को मार गिराया।

भारतीय सेना ने साफ शब्दों में कहा है कि देश की संप्रभुता पर हमला और नागरिकों की सुरक्षा को खतरे में डालना पूरी तरह अस्वीकार्य है। सेना ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि दुश्मन की हर साजिश को नाकाम किया जाएगा और किसी भी कीमत पर भारत की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा।

26 स्थानों पर दिखे पाकिस्तान के ड्रोन

सेना के अनुसार, पाकिस्तान से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर 26 स्थानों पर दुश्मन के ड्रोन गतिविधियां देखी गईं। इनमें जम्मू-कश्मीर का बारामुला, श्रीनगर, अवंतीपोरा, नगरोटा, जम्मू, पंजाब का फिरोजपुर, पठानकोट, फाजिल्का, राजस्थान का जैसलमेर, बाड़मेर, गुजरात का भुज, कुवारबेट और लखी नाला जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इनमें से कई ड्रोन सशस्त्र थे और सैन्य तथा नागरिक ठिकानों को निशाना बना सकते थे। लेकिन भारतीय सेना ने श्रीनगर एयरपोर्ट और अवंतीपोरा एयरबेस सहित कई प्रतिष्ठानों पर हमले की कोशिशों को विफल कर दिया।

फिरोजपुर में हमला, नागरिक घायल

पंजाब के फिरोजपुर में एक सशस्त्र ड्रोन ने नागरिक इलाके को निशाना बनाया, जिसमें एक परिवार का सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया और पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर कर सुरक्षित कर लिया।

सेना हाई अलर्ट पर, नागरिकों से सहयोग की अपील

वर्तमान हालात को देखते हुए सेना हाई अलर्ट पर है। भारतीय सशस्त्र बल सभी हवाई खतरों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं और संदिग्ध ड्रोन को काउंटर-ड्रोन सिस्टम से निष्क्रिय किया जा रहा है।

सीमा क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, सुरक्षा बलों के निर्देशों का पालन करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन सतर्कता और सहयोग बेहद आवश्यक है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *