Crime News : झांसी। दिल दहला देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। किशोरपुरा गांव में कुएं से बरामद हुई सिर कटी लाश की गुत्थी पूर्व ग्राम प्रधान संजय पटेल ने ही रची थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि प्रेमिका रचना शादी की जिद पर अड़ी हुई थी, लेकिन संजय इससे बचना चाहता था। इसी वजह से उसने अपने भतीजे संदीप और दोस्त प्रदीप के साथ मिलकर रचना को 9 अगस्त को कार में घुमाने के बहाने ले जाकर गला घोंटकर हत्या कर दी।
Crime News : हत्या के बाद आरोपियों ने शव को टुकड़ों में काटकर कुएं और नदी में फेंक दिया ताकि पहचान न हो सके। सात दिनों की कड़ी मशक्कत और दो बोरियों में मिले शव के हिस्सों ने पुलिस को आरोपियों तक पहुंचाया। संजय और संदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि प्रदीप अब भी फरार है।
एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि शव की शिनाख्त बेहद चुनौतीपूर्ण थी। सिर और पैर को लखेरी नदी में फेंक दिया गया था, जबकि धड़ बोरी में बंद कर कुएं में डाला गया था। पुलिस ने 10 टीमों को लगाकर सर्विलांस और पूछताछ के जरिए आरोपियों को पकड़ लिया।
संजय की स्वीकारोक्ति ने पूरे मामले की परतें खोल दीं। उसने कबूल किया कि प्रेमिका की शादी की जिद उसके लिए खतरा बन रही थी, इसलिए उसने बेरहमी से उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।











