Chhindwara News : छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की छोटी बाजार में शनिवार देर रात गणपति विसर्जन जुलूस के दौरान आतिशबाजी की चिंगारी से अचानक आग भड़क गई। देखते ही देखते आग विकराल रूप लेने लगी और बाजार में अफरा-तफरी मच गई। जिस दुकान में आग लगी उसके नीचे पांच गैस सिलेंडर रखे थे, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। देर रात करीब 1:30 बजे तक आग पूरी तरह बुझाई जा सकी।
Chhindwara News : फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उनके पास सुरक्षा उपकरण तक नहीं थे। कर्मचारियों को बिना सेफ्टी किट के ही आग में कूदना पड़ा। हालात और बिगड़ गए जब डीजल की कमी और पानी की आपूर्ति बाधित हो गई। रिकॉर्ड में 15 कर्मचारी दर्ज थे, मगर मौके पर सिर्फ 2-3 ही कर्मचारी मौजूद मिले। मजबूरी में दूसरी जगह से अतिरिक्त फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी।
इस बीच प्रशासन की लापरवाही के बावजूद स्थानीय युवाओं ने मोर्चा संभाला। उन्होंने बाल्टी से पानी भरकर और सीढ़ियों के सहारे ऊपर जाकर आग बुझाने में अहम योगदान दिया। फायर ब्रिगेड कर्मचारी सौरभ दीक्षित और उनकी टीम ने भी बिना सुरक्षा उपकरण के जान जोखिम में डालकर आग बुझाने का काम किया।
आग की सूचना मिलते ही कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह, जिला पंचायत CEO अग्रिम कुमार, ADM धीरेन्द्र सिंह, SDM सुधीर जैन, निगम उपायुक्त बाथम सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कलेक्टर ने स्वयं टॉर्च हाथ में लेकर कर्मचारियों को रास्ता दिखाकर सहायता की। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने और प्रभावित दुकानदारों को हरसंभव मदद देने के निर्देश दिए। साथ ही नुकसान का आकलन कर सरकार से सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया।











