Chhattisgarh News : बिलासपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में हुए एक हत्या मामले में पुलिस अधिकारियों की लापरवाही पर एसएसपी रजनेश सिंह ने कड़ी कार्रवाई की है। मामला 5 अगस्त से जुड़ा है, जब प्रार्थी दीपक साहू ने थाना सिटी कोतवाली में गणेश रजक द्वारा बेल्ट से मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई। नतीजतन, 8 अगस्त को आरोपी गणेश रजक ने दीपक साहू पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
Chhattisgarh News : घटना के बाद एसएसपी ने सहायक उपनिरीक्षक गजेंद्र शर्मा को कर्तव्य में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर रक्षित केंद्र अटैच कर दिया। वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पांडे को अपने अधीनस्थ स्टाफ पर नियंत्रण न रख पाने के कारण लाइन हाजिर कर दिया गया। एसएसपी ने साफ संदेश दिया कि किसी भी अधिकारी-कर्मचारी द्वारा पदीय दायित्वों की अनदेखी पर तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरीक्षक देवेश सिंह राठौर को सिटी कोतवाली का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। देवेश सिंह पूर्व में तारबाहर, रतनपुर और तखतपुर में थाना प्रभारी रह चुके हैं।













