कांकेर। Nishaanebaz.com-Kanker Forest Encroachment Dispute: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के गोण्डाहूर थाना क्षेत्र से वन विभाग की टीम के साथ अभद्र व्यवहार और शासकीय कार्य में बाधा डालने का गंभीर मामला सामने आया है। आरक्षित वनक्षेत्र से अवैध अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम के साथ आरोपी द्वारा धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोण्डाहूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आरक्षित वनक्षेत्र के कक्ष क्रमांक आरएफ-1142 (RF-1142) स्थित 25 हेक्टेयर के रोपण स्थल पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से अतिक्रमण कर मक्का की खेती किए जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तय प्रक्रिया के तहत अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान ग्राम पीव्ही-52 जयपुर निवासी हरिमोहन दास (45 वर्ष) पर वन विभाग की कार्रवाई में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने, धक्का-मुक्की करने तथा शासकीय कार्य में गंभीर बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगा।
पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत दर्ज किया मामला
वन विभाग की प्रार्थिया की लिखित शिकायत पर गोण्डाहूर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221 और 132 के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, पखांजूर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश कुमार सोनी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने तकनीकी और मैदानी सुरागकशी के आधार पर आरोपी की पतासाजी की और उसे ग्राम पीव्ही-52 जयपुर स्थित उसके निवास स्थान से धर दबोचा। आवश्यक कानूनी और चिकित्सीय औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण और सरकारी अमले के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।


