M.P News : रीवा में सूने मकान को बनाया निशाना, CCTV में कैद हुए बदमाश

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : रीवा शहर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित आनंद नगर, बोदा बाग इलाके में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। नकाबपोश बदमाशों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

मुंबई गए थे घर के मालिक

जानकारी के अनुसार, घर के मालिक और निजी स्कूल के प्राचार्य अमित सिंह बघेल अपने बेटे की दवाई कराने मुंबई गए हुए थे। इसी दौरान उनका घर पूरी तरह सूना पड़ा था, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।

 पहले की रेकी, फिर की चोरी

बताया जा रहा है कि 24 अप्रैल की रात करीब 1:30 बजे बदमाश इलाके में घूमते हुए रेकी करते दिखाई दिए। इसके बाद करीब 2:09 बजे उन्होंने घर में घुसकर ताला तोड़ा और अंदर रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

पड़ोसियों ने देखी टूटी कुंडी

सुबह जब आसपास के लोगों ने घर का टूटा हुआ ताला देखा, तो तुरंत घर मालिक को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस को डायल 112 के माध्यम से जानकारी दी गई।

CCTV में कैद संदिग्ध

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू की है। प्रारंभिक फुटेज में दो नकाबपोश बदमाश संदिग्ध रूप से घर के आसपास घूमते और अंदर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

 लाखों के नुकसान का अनुमान

हालांकि चोरी गए सामान की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी होने की बात सामने आ रही है। अनुमान है कि कुल नुकसान लाखों रुपये में हो सकता है।

पुलिस जांच जारी

फिलहाल विश्वविद्यालय थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *