Friday, September 25, 2026
Home Entertainment ‘Avatar 3’ में गोविंदा! सच या सिर्फ अफवाह? वायरल वीडियो की निकली...

‘Avatar 3’ में गोविंदा! सच या सिर्फ अफवाह? वायरल वीडियो की निकली AI हकीकत

govinda
ना’वी अवतार में गोविंदा!

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क :  हालिया रिलीज हॉलीवुड फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ को लेकर सोशल मीडिया पर इन दिनों एक अजीब लेकिन दिलचस्प दावा जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो और तस्वीरों में बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता गोविंदा को नीले रंग के ना’वी अवतार में दिखाया जा रहा है। इन क्लिप्स के साथ दावा किया जा रहा है कि गोविंदा ने ‘अवतार 3’ से अपना हॉलीवुड डेब्यू कर लिया है। हालांकि, हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।

वायरल क्लिप्स में क्या दिख रहा है?

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में गोविंदा को चमकीले और रंग-बिरंगे इंडियन आउटफिट में ना’वी किरदार के रूप में दिखाया गया है। वहीं दूसरे वीडियो में वह अपनी 1997 की सुपरहिट फिल्म दीवाना मस्ताना का मशहूर डायलॉग
“हटा सावन की घटा, बत्ती बुझा” बोलते नजर आते हैं। इस सीन के बैकग्राउंड में फिल्म के मुख्य किरदार जेक सुली और उनका परिवार दिखाई दे रहा है, जिससे कई लोग इसे फिल्म का असली सीन मान बैठे।

AI का कमाल, फिल्म से कोई संबंध नहीं

फैक्ट चेक में साफ हुआ है कि ये सभी वीडियो और तस्वीरें AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से तैयार की गई हैं। फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ में गोविंदा का ऐसा कोई सीन नहीं है और न ही अभिनेता इस फिल्म का हिस्सा हैं। यानी वायरल कंटेंट पूरी तरह फर्जी और भ्रामक है।

Read More : Dhurandhar : थिएटर के बाद OTT पर धूम मचाने आ रही ‘धुरंधर’, जानिए कब घर बैठे देख सकेंगे रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर

जब गोविंदा ने ‘अवतार’ ठुकराने का किया था दावा

यह पहली बार नहीं है जब गोविंदा का नाम ‘अवतार’ फ्रेंचाइजी से जुड़ा हो। इससे पहले एक इंटरव्यू में गोविंदा ने दावा किया था कि उनकी मुलाकात डायरेक्टर जेम्स कैमरून से हुई थी और उन्हें एक फिल्म ऑफर की गई थी। अभिनेता के मुताबिक, उन्हें 18 करोड़ रुपए की फीस और 410 दिनों की शूटिंग का प्रस्ताव मिला था, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया।

गोविंदा ने क्या कहा था?

भीष्म इंटरनेशनल के यूट्यूब चैनल पर गोविंदा ने कहा था कि अमेरिका में उनकी पहचान के जरिए जेम्स कैमरून से मुलाकात हुई। बातचीत के दौरान जेम्स ने बताया कि फिल्म का हीरो दिव्यांग है, जिस पर गोविंदा ने फिल्म करने से मना कर दिया। उन्होंने यह भी कहा था कि बॉडी पेंट के कारण उन्हें स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत हो सकती थी।

दावों पर उठे सवाल

हालांकि गोविंदा के इस दावे को मशहूर निर्माता पहलाज निहलानी ने गलत बताया था। वहीं गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने भी कहा था कि उन्हें नहीं पता कि अभिनेता को यह फिल्म कब और कैसे ऑफर हुई थी।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here