CG NEWS : बिलासपुर। फैमिली कोर्ट में तलाक के एक मामले की सुनवाई के दौरान दो हेड कांस्टेबल आपस में भिड़ गए। कोर्ट रूम में ही बहस शुरू हुई, जिसके बाद जज ने सख्ती दिखाते हुए दोनों को बाहर निकाल दिया। लेकिन कोर्ट रूम से बाहर निकलते ही दोनों पुलिसकर्मी एक-दूसरे पर टूट पड़े। कोर्ट परिसर में ही दोनों ने एक-दूसरे के कॉलर पकड़कर गाली-गलौज की और लात-घूंसे चलाए।
CG NEWS : जानकारी के मुताबिक, प्रधान आरक्षक अरुण कमलवंशी (40) शुक्रवार को फैमिली कोर्ट में तलाक के एक मामले में पेश हुआ था। वहां उसे पता चला कि एक अन्य प्रधान आरक्षक संजय जोशी ने एक केस में उसे पक्षकार बना दिया है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
CG NEWS : जज के सामने ही विवाद बढ़ने पर, न्यायाधीश ने नाराजगी जताते हुए दोनों को कोर्ट रूम से बाहर जाने का निर्देश दिया। बाहर निकलते ही दोनों पुलिसकर्मी आपा खो बैठे और मारपीट पर उतर आए। कोर्ट परिसर में मौजूद लोग यह सब देखते रहे, बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया और थाने ले गई।
CG NEWS : पुलिस ने दोनों के खिलाफ एक-दूसरे की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। यह घटना कोर्ट की गरिमा और पुलिस की अनुशासनहीनता दोनों पर सवाल खड़े करती है।











