CG NEWS : सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में अंधविश्वास ने एक बार फिर मासूम जिंदगी छीन ली। भैयाथान इलाके के ग्राम बसकर डालाबहरा में सांप के काटने के बाद समय पर इलाज न मिलने से पति-पत्नी की मौत हो गई और उनके चार बच्चे अनाथ हो गए।
CG NEWS : जानकारी के अनुसार, बीती रात तुलेश्वर सिंह और उनकी पत्नी गीता सिंह घर के फर्श पर सो रहे थे, तभी दोनों को जहरीले सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय घंटों तक घर पर झाड़-फूंक कराई। इस दौरान दोनों की हालत लगातार बिगड़ती रही।
CG NEWS : आखिरकार जब स्थिति गंभीर हुई तो परिजन उन्हें भैयाथान अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने गीता सिंह को मृत घोषित कर दिया। तुलेश्वर सिंह को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
CG NEWS : पति-पत्नी की मौत के बाद परिवार के चारों बच्चे बेसहारा हो गए हैं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है और एक बार फिर साबित कर दिया कि अंधविश्वास इलाज का विकल्प नहीं हो सकता।











