CG NEWS : रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी के सरकारी बंगले में बने नए कार्यालय पर 13 करोड़ 89 लाख रुपए खर्च होने की वायरल खबर झूठी निकली है। विभागीय दस्तावेजों के अनुसार, वास्तविक खर्च सिर्फ 13 लाख 89 हजार रुपए था। बजट अनुदान पत्र में लिपिकीय त्रुटि के कारण यह राशि गलती से 13 करोड़ 89 लाख रुपए दर्ज हो गई थी, जिसे विधानसभा सत्र के दौरान ही संशोधित कर दिया गया था।
CG NEWS : गौरतलब है कि एक वेब पोर्टल ने “13 करोड़ का शाही दफ्तर” जैसे शब्दों के साथ खबर प्रकाशित की थी। इस पर वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह कार्यालय जनसुविधा के लिए बनाया गया है, क्योंकि पहले आगंतुकों को गैरेज या खुले में बैठना पड़ता था। उन्होंने आरोप लगाया कि तथ्यों के बावजूद गलत खबर फैलाई गई और यह उनकी व राज्य सरकार की छवि धूमिल करने की कोशिश है।
CG NEWS : दस्तावेजों के मुताबिक, 2023-24 के तृतीय अनुपूरक बजट में लोक निर्माण विभाग की सूची में “1389.00 लाख” रुपए अंकित हो गए थे, जबकि सही राशि “13.89 लाख” थी। प्रमुख अभियंता ने 12 फरवरी 2024 को सरकार को पत्र भेजकर गलती की जानकारी दी, जिसके बाद 14 फरवरी को विधानसभा में संशोधन पढ़ा और दर्ज कर लिया गया। सभी संबंधित दस्तावेज और वीडियो विधानसभा की लाइब्रेरी में उपलब्ध हैं। ओपी चौधरी ने कहा कि भ्रामक खबर प्रसारित करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के लिए वकीलों से परामर्श किया जा रहा है।















