CG News:Raigarh: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत थाना तमनार क्षेत्र के ग्राम आमगांव में पुलिस जनचौपाल का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
जनचौपाल के दौरान पुलिस ने अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा, साइबर सतर्कता और सड़क सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि महिलाओं और नाबालिगों से जुड़े अपराधों—जैसे छेड़खानी, घरेलू हिंसा, पॉक्सो एक्ट, मानव तस्करी और अपहरण—में कड़ी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को सही मार्गदर्शन देने की अपील भी की।

CG News:Raigarh: महिला सुरक्षा के लिए “हेलो सिस्टर” हेल्पलाइन (9429270533), डायल 112, पुलिस कंट्रोल रूम और स्थानीय पुलिस अधिकारियों के संपर्क नंबर भी साझा किए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता मिल सके।
साइबर अपराधों को लेकर ग्रामीणों को सचेत करते हुए बताया गया कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या लालच भरे ऑफर से सावधान रहें और अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें। पुलिस ने कहा कि जागरूकता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
सड़क सुरक्षा पर भी विशेष जोर देते हुए बिना हेलमेट वाहन चलाने, तेज गति और शराब पीकर ड्राइविंग के खतरों के बारे में बताया गया। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
CG News:Raigarh: कार्यक्रम में बीट आरक्षक का परिचय कराते हुए उनका संपर्क नंबर साझा किया गया, ताकि ग्रामीण किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दे सकें। साथ ही नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग की अपील करते हुए युवाओं को इससे दूर रखने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर थाना तमनार का पूरा स्टाफ मौजूद रहा और ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद कर उन्हें जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
CG News:Raigarh: एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश
“जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की नींव होते हैं। रायगढ़ पुलिस जनसंवाद और जागरूकता के जरिए अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार प्रयासरत है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।”











