CG NEWS : रायपुर। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर दिवाली से पहले वेतन वृद्धि और बोनस जारी करने की मांग दोहराई है। कर्मचारियों का कहना है कि पहले की गई चर्चाओं और सहमतियों के आधार पर अब सरकार को जल्द निर्णय लेकर आदेश जारी करना चाहिए।
CG NEWS: कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि लंबित 27 प्रतिशत वेतन वृद्धि में से 5 प्रतिशत की घोषणा पहले ही की जा चुकी है, जिसे तुरंत प्रभाव से लागू किया जाना चाहिए। साथ ही, वार्षिक कार्य मूल्यांकन (सीआर) के आधार पर मिलने वाले 5 प्रतिशत बोनस का आदेश भी तत्काल जारी करने की मांग की गई है।
CG NEWS: इसके अलावा कर्मचारियों ने उन 25 कर्मियों की बहाली की भी मांग की, जिन्हें पिछले आंदोलन के दौरान बर्खास्त किया गया था। संघ ने याद दिलाया कि मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में हड़ताल अवधि को शून्य घोषित करने और बर्खास्त कर्मचारियों की पुनर्बहाली पर सहमति बनी थी।
CG NEWS: बता दें कि NHM कर्मचारियों का यह आंदोलन 18 अगस्त से 19 सितंबर 2025 तक करीब 33 दिनों तक चला था। इस दौरान नियमितीकरण, ग्रेड पे निर्धारण, संविलियन और लंबित वेतन वृद्धि जैसे कई मुद्दों पर चर्चा हुई। आंदोलन समाप्ति के बाद सरकार ने कई मांगों पर सहमति दी, जिनमें शामिल हैं:
लंबित वेतन वृद्धि में से 5% की तत्काल बढ़ोतरी
वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट की प्रक्रिया में पारदर्शिता
30 दिन का सवैतनिक चिकित्सा अवकाश
₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा
CG NEWS: संघ के अनुसार, ग्रेड पे निर्धारण, अनुकंपा नियुक्ति और नियमित भर्ती में आरक्षण तय करने के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जो तीन महीनों में अपनी रिपोर्ट देगी। वहीं नियमितीकरण और संविलियन जैसे मामलों को लेकर राज्य सरकार ने केंद्र से मार्गदर्शन लेने हेतु पत्राचार किया है।
CG NEWS: संघ के प्रांताध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी और प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने संयुक्त बयान में कहा कि सभी कर्मचारी पूरी निष्ठा और समर्पण से सेवा दे रहे हैं। ऐसे में यह जरूरी है कि सरकार दिवाली से पहले सहमत बिंदुओं पर आदेश जारी कर उन्हें आर्थिक राहत दे, ताकि वे सम्मानपूर्वक पर्व मना सकें। संघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर समय रहते अमल नहीं हुआ, तो कर्मचारी विकल्पों पर विचार कर सकते हैं।











