CG News : फकरे आलम खान/दंतेवाड़ा – बचेली| दंतेवाड़ा जिले में चलाए जा रहे लोन वर्राटू और पूना मारगेम अभियान से प्रभावित होकर कुल 17 लाख रुपए के इनामी 5 माओवादियों समेत 15 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है, जिनमें एक माओवादी दंपत्ति भी शामिल है। आत्मसमर्पित माओवादी बुधराम उर्फ लालू कुहराम डीव्हीसीएम के पद पर था और छत्तीसगढ़ शासन द्वारा उस पर 8 लाख रुपए का इनाम घोषित था। वह पिछले 20 वर्षों से नक्सल संगठन में सक्रिय था। इसी तरह महिला माओवादी कमली उर्फ मोती पोटावी, एसीएम के पद पर थी, और उस पर 5 लाख रुपए का इनाम था। वह भी 20 वर्षों से नक्सल संगठन में सक्रिय रही।
इसके अलावा पोज्जा उर्फ पोदिया मड़काम (नीलावाया आरपीसी सीएनएम अध्यक्ष) पर 2 लाख, आयते उर्फ संगीता सोड़ी (किस्टाराम एरिया कमेटी, कृषि शाखा सदस्य) पर 1 लाख, और पांडे माड़वी (कटेकल्याण एरिया कमेटी केएएमएस सदस्य) पर 1 लाख रुपए का इनाम घोषित था। बुधराम उर्फ लालू, वर्ष 2013 में कोगंरा, टेडुम और वर्ष 2018 में ईरपानार के जंगल में पुलिस पर फायरिंग जैसी घटनाओं में शामिल रहा है। कमली उर्फ मोती भी वर्ष 2018 के ईरपानार और 2024 के गोबेल-भटबेड़ा, थुलथुली जंगल मुठभेड़ों में सक्रिय रही है। अन्य आत्मसमर्पित माओवादी नक्सली बंद सप्ताह के दौरान सड़क खोदना, पेड़ काटना, पोस्टर व पाम्फलेट लगाना जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं।
पुलिस नेतृत्व की भूमिका
यह आत्मसमर्पण बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री सुंदरराज पी., पुलिस उप महानिरीक्षक दंतेवाड़ा रेंज श्री कमलोचन कश्यप, सीआरपीएफ डीआईजी श्री राकेश चौधरी, एसपी गौरव राय, एडिशनल एसपी उदित पुष्कर, रामकुमार बर्मन, तथा सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और सहयोग से संभव हो पाया है।
पुलिस और सीआरपीएफ की टीमों ने गांव-गांव संपर्क कर सरकार की पुनर्वास नीति को समझाया और माओवादियों को समाज की मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित किया।
अब तक कुल आत्मसमर्पण
लोन वर्राटू अभियान के तहत अब तक 254 इनामी माओवादियों समेत 1020 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। इनमें 824 पुरुष और 196 महिला माओवादी शामिल हैं।
24 जुलाई 2025 को आत्मसमर्पण करने वाले 15 माओवादियों की सूची:
- बुधराम उर्फ लालू कुहराम – 8 लाख
- कमली उर्फ मोती पोटावी – 5 लाख
- पोज्जा उर्फ पोदिया मड़काम – 2 लाख
- आयते उर्फ संगीता सोड़ी – 1 लाख
- पांडे माड़वी – 1 लाख
- बामन पोड़ियाम
- छन्नु राम मंडावी
- मंगलू राम मंडावी
- शिवराम वेको
- मुरू राम कोर्राम
- पिल्लू मंडावी
- सुकलू उर्फ सामनाथ अलामी
- बोमड़ा माड़वी
- बामन ओयाम
- सन्नी उर्फ रीना ओयाम
लोन वर्राटू अभियान
यह अभियान गोंडी भाषा में “घर वापस आइए” के नाम से प्रसिद्ध है, जिसे दंतेवाड़ा पुलिस ने प्रारंभ किया। इसका उद्देश्य माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में विश्वास बहाली और युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
पुनर्वास नीति 2025 के अंतर्गत लाभ
- कौशल विकास
- स्वरोजगार के अवसर
- मनोवैज्ञानिक परामर्श
- सुरक्षित और सम्मानजनक पुनर्वास











