CG NEWS : जांजगीर-चांपा। जिले के कृषि विभाग में पदस्थ महिला कृषि विस्तार अधिकारी ने विभाग के उप संचालक ललित मोहन भगत पर मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। महिला अधिकारी ने इस संबंध में कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
CG NEWS : जानकारी के अनुसार, अकलतरा ब्लॉक में पदस्थ महिला आरईओ ने आरोप लगाया कि उप संचालक अपने पद का दुरुपयोग करते हुए मनमाने ढंग से उनका वेतन रोकते हैं और कारण पूछने पर उन्हें अपने शासकीय आवास पर बुलाते हैं। उन्होंने बताया कि इसी व्यवहार से परेशान होकर उन्होंने कृषि विभाग के डायरेक्टर और महिला आयोग में शिकायत की थी, जिसके बाद प्रताड़ना और बढ़ गई। उन्होंने कहा कि उप संचालक ने विभागीय ग्रुप में भी उनके खिलाफ गलत बातें फैलाकर बदनाम करने की कोशिश की।
CG NEWS : महिला अधिकारी ने बताया कि उनके पिता के निधन के बाद वे बीमार मां की देखभाल करती हैं। इसी वजह से तत्कालीन उप संचालक ने उन्हें बलौदा ब्लॉक से अकलतरा ब्लॉक में प्रतिनियुक्ति दी थी, जिसे डायरेक्टर ऑफिस से भी स्वीकृति मिली थी। लेकिन वर्तमान उप संचालक ने इस आदेश को गलत बताते हुए उन्हें वापस बलौदा ब्लॉक ज्वाइन करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उनका वेतन रोक दिया गया और अकेले मिलने के लिए सरकारी निवास पर बुलाया गया।
CG NEWS : महिला अधिकारी की शिकायत पर कलेक्टर जनमेजय महोबे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि महिला अधिकारियों की एक टीम बनाकर निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
CG NEWS : महिला अधिकारी ने बताया कि उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों से भी मदद मांगी, लेकिन किसी ने सहयोग नहीं किया। इसके बावजूद उन्होंने स्वयं आगे आकर अपने साथ हुई प्रताड़ना के खिलाफ आवाज उठाने और दोषियों को उजागर करने का निर्णय लिया है।













