राजनांदगांव : दिल्ली पब्लिक स्कूल की बालिका बास्केटबॉल टीम ने सीबीएसई नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। महेंद्रगढ़ में 9 से 13 सितम्बर तक आयोजित इस टूर्नामेंट में DPS राजनांदगांव की टीम ने फाइनल मुकाबले में गुरूनानक पब्लिक स्कूल, चंडीगढ़ को 83-46 अंकों से हराकर जीत दर्ज की।
टीम की प्राचार्या श्रीमती निर्मला सिंह ने बताया कि DPS राजनांदगांव पिछले कई वर्षों से इस प्रतियोगिता की विजेता टीम रही है। प्रतियोगिता के पहले लीग मैच में टीम ने गुरूनानक मिशन स्कूल, पोंटा साहिब, हिमाचल प्रदेश को 21-07 अंकों से, दूसरे लीग मैच में DPS हैदराबाद को 30-17 अंकों से और तीसरे लीग मैच में ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल, निमच को 47-20 अंकों से परास्त कर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।
क्वार्टरफाइनल में DPS राजनांदगांव ने डीएवी लुधियाना को 37-7 अंकों से हराया, जबकि सेमीफाइनल में एपेक्स स्कूल, दिल्ली को 61-34 अंकों से परास्त कर फाइनल में पहुँचने में सफलता हासिल की।
टीम के खिलाड़ियों में कोडापे, काम्या झा, सोफी सिका, अंजनी, आर्या विजय अवारे, कैथरिना नजारथ, नंदनी माधो प्रधान, मुग्धा राजगुरू और सौम्या पांडे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। टीम का नेतृत्व अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव, सहायक कोच कुशल रजक और मेनेजर फुलमत नेताम ने किया।
Read News : CG News : नशे के खिलाफ बड़ी सफलता: ओडिशा से 27 किलो गांजा ले जा रहे 3 तस्कर गिरफ्तार, कार जब्त
इस स्वर्ण पदक जीत के साथ ही DPS राजनांदगांव की टीम सीधे स्कूल गेम्स फेडरेशन के नेशनल टूर्नामेंट में भाग लेगी। टीम के सदस्यों ने इस उपलब्धि में अपने प्रशिक्षकों का भी आभार व्यक्त किया और उन्हें बधाई दी।











