CG NEWS : जांजगीर-चांपा। जिले में राजस्व कार्यों में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों पर अब प्रशासन सख्त हो गया है। लगातार ऑनलाइन काम ठप रहने और जनता को हो रही परेशानी को देखते हुए सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने कुल 142 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
CG NEWS : जानकारी के अनुसार, 16 अगस्त से जिले में पटवारियों ने किसी भी प्रकार का ऑनलाइन कामकाज नहीं किया, जिसके चलते जमीन संबंधी कार्य, नामांतरण, खसरा-खतौनी समेत अन्य राजस्व सेवाएं ठप रहीं। आम जनता की दिक्कतें बढ़ीं और राजस्व कार्यालयों में लंबित मामलों का ढेर लग गया।
प्रशासन ने इस रवैये को आचरण नियम 1965 का उल्लंघन माना है। नियमों का हवाला देते हुए जांजगीर तहसील के 40, चांपा के 32, पामगढ़ के 28 और अकलतरा के 42 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि सभी पटवारियों को तीन दिन के भीतर जवाब देना होगा।
जवाब संतोषजनक नहीं मिलने की स्थिति में संबंधित पटवारियों पर 1966 सिविल सेवा नियम के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। यानी दोषी पाए जाने पर निलंबन से लेकर सेवा समाप्ति तक की कार्यवाही संभव है।
प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि राजस्व व्यवस्था को पटरी पर लाया जा सके और जनता को सुचारु सेवा मिल सके। जिले में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर पटवारियों के खिलाफ सामूहिक कार्रवाई की जा रही है, जिससे राजस्व अमले में हड़कंप मचा हुआ है।











