CG NEWS : रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 60 लाख विद्यार्थियों के लिए आगामी शिक्षा सत्र एक नई सौगात लेकर आ रहा है। राज्य सरकार ने पहली से आठवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए नई स्कूल यूनिफॉर्म लागू करने का निर्णय लिया है। अब विद्यार्थी पारंपरिक सफेद शर्ट और नीली पैंट की जगह आधुनिक, आकर्षक और निजी स्कूलों जैसी नई ड्रेस में नजर आएंगे।
CG NEWS : नई यूनिफॉर्म में कत्थई रंग की पैंट और नीले रंग की चेक शर्ट शामिल की गई है। यह बदलाव न केवल छात्रों की पहचान को नया आयाम देगा, बल्कि सरकारी स्कूलों की छवि को भी अधिक व्यवस्थित और प्रभावशाली बनाएगा।
CG NEWS : आत्मविश्वास और स्कूल के प्रति रुचि बढ़ाने की पहल
CG NEWS : शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना है। नई यूनिफॉर्म से छात्रों में स्कूल आने की रुचि बढ़ेगी और अध्ययन के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार होगा।
CG NEWS : हथकरघा विपणन सहकारी संघ को सौंपी गई जिम्मेदारी
CG NEWS : नई यूनिफॉर्म के निर्माण की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा विपणन सहकारी संघ को दी गई है। योजना के तहत लगभग 60 लाख यूनिफॉर्म तैयार की जा रही हैं। इस कार्य में संघ से जुड़ी 329 पंजीकृत समितियों के बुनकर सक्रिय रूप से लगे हुए हैं, जिससे स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिल रहा है।
CG NEWS : पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद पूरे प्रदेश में लागू
गौरतलब है कि चालू सत्र में बिलासपुर और अंबिकापुर जिलों के कई स्कूलों में इस योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया गया था। वहां विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद राज्य सरकार ने इसे पूरे प्रदेश में लागू करने का निर्णय लिया।
CG NEWS : वर्ष में दो बार मुफ्त यूनिफॉर्म
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को वर्ष में दो बार निशुल्क यूनिफॉर्म प्रदान की जाती है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और ड्रॉपआउट की समस्या को कम करना है। नई यूनिफॉर्म भी इसी व्यवस्था के तहत वितरित की जाएगी।
CG NEWS : संघ के सचिव एम.एम. जोशी ने बताया कि अगले सत्र के लिए पहली से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों हेतु नई यूनिफॉर्म तैयार की जा रही है, जिनमें से लगभग 50 प्रतिशत यूनिफॉर्म का निर्माण पूरा हो चुका है। प्रयास है कि नए शिक्षा सत्र की शुरुआत से पहले सभी विद्यार्थियों को समय पर यूनिफॉर्म उपलब्ध करा दी जाए।













