भोपाल: राजधानी भोपाल में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के निर्देश पर मंगलवार देर रात ईरानी डेरे में व्यापक कॉम्बिंग गश्त की गई। रात करीब दो बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में शहर के कई थाना प्रभारियों सहित लगभग 400 पुलिसकर्मी तैनात किए गए। अचानक हुई इस पुलिस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल नियंत्रण पाया गया।
कई आरोपियों की गिरफ्तारी, गैंग पर सख्त कार्रवाई
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने ईरानी गैंग से जुड़े कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार इस गैंग के सदस्य जालसाजी, चेन स्नेचिंग, वाहन चोरी और लूट जैसी वारदातों में शामिल रहे हैं। गैंग के सरगना राजू ईरानी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जिसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
Read More : M.P Weather Update : मध्य प्रदेश में दिन गर्म, रातें सर्द, मौसम का बदला मिजाज
नए कमिश्नर का सख्त संदेश
वर्ष 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी संजय कुमार हाल ही में बालाघाट आईजी पद से स्थानांतरित होकर भोपाल पुलिस कमिश्नर बने हैं। पद संभालने के बाद से ही उन्होंने ग्राउंड लेवल पर सक्रियता बढ़ाते हुए पुलिस अधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए हैं। साथ ही मादक पदार्थ, अतिक्रमण और ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर भी स्पष्ट रणनीति के संकेत दिए गए हैं। ईरानी डेरे पर की गई यह कार्रवाई उनकी सख्त कार्यशैली को दर्शाती है।
कई राज्यों में फैला नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गैंग केवल मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान सहित छह राज्यों में सक्रिय रहा है। इससे पहले 31 दिसंबर 2025 को भोपाल की अमन कॉलोनी में दबिश देकर गैंग के कई सदस्यों को पकड़ा गया था, जहां से लूट का सामान और अवैध हथियार भी बरामद हुए थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अपराध पर नियंत्रण के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।













