निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : राजधानी भोपाल में बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। एमपी नगर क्षेत्र में क्लब, रेस्टोरेंट और बार के आसपास हो रही घटनाओं को देखते हुए एसीपी मनीष भारद्वाज ने संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए।
क्लब-बार संचालकों को सख्त निर्देश
बैठक में एसीपी मनीष भारद्वाज ने साफ कहा कि किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशीले पदार्थों के दुरुपयोग पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी प्रतिष्ठानों को तय समय पर बंद करने के आदेश दिए गए हैं, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश
संचालकों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों के अंदर और बाहर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मी तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और इसमें किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जोन-1 और जोन-2 पर खास नजर
भोपाल के जोन-1 और जोन-2 क्षेत्रों में बड़ी संख्या में क्लब, बार और रेस्टोरेंट संचालित हो रहे हैं। इन इलाकों में लगातार सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।
इतवारा में देर रात पुलिस की बड़ी कार्रवाई
इसी कड़ी में तलैया थाना पुलिस ने देर रात इतवारा क्षेत्र में बड़ा एक्शन लिया। अतिरिक्त पुलिस बल के साथ इलाके में दबिश दी गई और निगरानीशुदा एवं लिस्टेड बदमाशों के घरों पर छापेमारी की गई। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
सर्चिंग ऑपरेशन जारी
सूत्रों के अनुसार, शहर में अपराधियों पर नकेल कसने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस लगातार संदिग्धों की तलाश में सर्चिंग कर रही है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहने के संकेत दिए हैं।











