Betul Rain News: शशांक सोनकपुरिया\ बैतूल। जिले में मानसून की पहली जोरदार बारिश ने ही प्रशासन और संबंधित विभागों के दावों की हकीकत सामने ला दी है। 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण भैंसदेही जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत कोथलकुण्ड से होकर बहने वाली नदी उफान पर आ गई। नदी पर बने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के पुल में बाढ़ के साथ बहकर आई लकड़ियां, झाड़ियां और अन्य मलबा फंस जाने से पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई। इसके चलते नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा और पानी पुल के ऊपर से बहने लगा, जिससे आसपास के घरों और दुकानों में पानी घुस गया तथा लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
Betul Rain News: लगातार हुई बारिश के बाद सोमवार रात हालात और अधिक गंभीर हो गए। नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा और आसपास के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। संजू सराटकर और सुखदेव सराटकर के घरों में पानी घुसने से घरेलू सामान भीगकर खराब हो गया, वहीं कैलाश राठौर की दुकान में पानी भर जाने से रखा अनाज भी खराब हो गया। प्रभावित परिवारों को पूरी रात जागकर पानी निकालने और सामान सुरक्षित करने में बितानी पड़ी।
Betul Rain News: बारिश के कारण पुल और सड़क पर कीचड़ जमा हो गया, जिससे आवागमन भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। फिसलन बढ़ने से दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा लगातार बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुल में फंसा मलबा नहीं हटाया गया तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
Betul Rain News: ग्रामीण आशुतोष त्रिवेदी, अलकेश राठौर, शुभम राठौर, कमलेश राठौर, संजू सराटकर और कैलाश राठौर ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है। हर वर्ष मानसून के दौरान बाढ़ के साथ बहकर आने वाली लकड़ियां, झाड़ियां और अन्य मलबा पुल में फंस जाता है, जिससे जलनिकासी रुक जाती है और नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगता है। इसके परिणामस्वरूप आसपास के घरों में पानी भर जाता है, सड़कें कीचड़ से भर जाती हैं और लोगों को रातभर परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
Betul Rain News: ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या की जानकारी संबंधित विभाग और प्रशासन को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन हर वर्ष केवल आश्वासन मिलते हैं, स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। समय पर पुल की सफाई और मलबा हटाने की व्यवस्था नहीं होने के कारण हर मानसून में यही स्थिति दोहराई जाती है।
Betul Rain News: ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुल में फंसी लकड़ियां, झाड़ियां और अन्य मलबा तत्काल हटाकर जलनिकासी सुचारु कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो बैतूल कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।
Betul Rain News: ग्रामीणों का कहना है कि पहली ही बारिश ने व्यवस्था की पोल खोल दी है। यदि अब भी प्रशासन नहीं जागा तो आने वाले दिनों में लगातार होने वाली बारिश के बीच यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है तथा किसी बड़े हादसे से भी इनकार नहीं किया जा सकता।







