Bargawan Nagar Parishad Scam : बरगवां (सिंगरौली)। मध्य प्रदेश सरकार के स्वच्छता मिशन को बरगवां नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारी पलीता लगा रहे हैं। क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक स्वच्छता अभियान का बुरा हाल है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कचरा संग्रहण केवल मुख्य बाजार और वीआईपी सड़कों तक सीमित है, जबकि अंदरूनी वार्डों में महीनों से कचरा वाहन नहीं पहुँचे हैं।
कागजों पर सफाई, जमीन पर गंदगी: स्थानीय लोगों का दावा है कि नगर परिषद की गाड़ियां केवल दिखावे के लिए चलाई जा रही हैं। आरोप है कि बाजार क्षेत्र में गाड़ियां घुमाकर फोटो खिंचवाई जाती है और इसी आधार पर भारी-भरकम बिल पास करा लिए जाते हैं। आम जनता के बीच चर्चा है कि स्वच्छता के बजट में ऊपर से नीचे तक कमीशनखोरी और बंदरबांट का खेल चल रहा है।
पर्यावरण और स्वास्थ्य पर बड़ा खतरा: हैरानी की बात यह है कि शहर का मेडिकल वेस्ट (अस्पताली कचरा) खुलेआम नदियों के किनारे फेंका जा रहा है। इससे न केवल नदियों का पानी प्रदूषित हो रहा है, बल्कि जलीय जीवों और आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है। पर्यावरण प्रेमियों ने चेतावनी दी है कि यदि यह अवैध डंपिंग नहीं रुकी, तो क्षेत्र में महामारी फैल सकती है।
वार्डवासियों का फूटा गुस्सा: वार्ड निवासी राज कुमार ने बताया कि उनके क्षेत्र में महीनों से कचरा उठाने वाली गाड़ी नहीं आई है। लोग मजबूरन कचरा सड़कों पर फेंक रहे हैं। नागरिकों ने जिला प्रशासन और कलेक्टर से मांग की है कि स्वच्छता के नाम पर हो रहे खर्च का ऑडिट कराया जाए और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।











