Bhopal Gas Crisis : भोपाल। राजधानी भोपाल में पिछले 20 दिनों से जारी रसोई गैस की किल्लत ने अब बड़े राजनीतिक आंदोलन का रूप ले लिया है। शनिवार को नरेला विधानसभा के प्रभात चौराहे पर कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला और युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित खत्री के नेतृत्व में अनोखा प्रदर्शन किया गया। गैस एजेंसियों के बाहर खाली सिलेंडर लेकर खड़ी महिलाओं को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘लकड़ी वाले चूल्हे’ भेंट कर सरकार की नीतियों का विरोध किया।
“अमेरिका के सामने नतमस्तक है सरकार”: मनोज शुक्ला
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत सरकार की गलत विदेश नीति के कारण देश में ऊर्जा संकट गहरा गया है। शुक्ला ने कहा, “प्रधानमंत्री अमेरिका के दबाव में रूस से सस्ता गैस आयात करने का निर्णय नहीं ले पा रहे हैं, जिसका खामियाजा देश की जनता भुगत रही है। गैस की कालाबाजारी चरम पर है और लोगों को ₹2000 में सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है।” उन्होंने आगे कहा कि एक तरफ गृह मंत्री ईद पर दो मुफ्त सिलेंडर का वादा करते हैं, वहीं दूसरी तरफ मुस्लिम बहनें सुबह 7 बजे से लाइन में खड़ी हैं और उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
‘विजन 2047’ पर तंज और ‘उज्ज्वला’ की विफलता
युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित खत्री ने भाजपा के भविष्य के लक्ष्यों पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा का ‘विजन 2047’ तो साल 2026 में ही ध्वस्त हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस एजेंसी संचालक प्रशासन की नाक के नीचे रात के अंधेरे में सिलेंडरों की सप्लाई कर रहे हैं, जबकि दिन में आम जनता भटक रही है। कांग्रेस ने मांग की है कि जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय होकर कालाबाजारी करने वाले संचालकों पर कार्रवाई करे।
त्योहारों के बीच जनता बेहाल
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ईद और नवरात्रि जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों के समय रसोई गैस की कमी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। प्रीमियम पेट्रोल के दाम रातों-रात बढ़ाकर सरकार ने महंगाई की आग में घी डालने का काम किया है। यदि जल्द ही आपूर्ति सुचारू नहीं हुई, तो जनता को दोबारा ‘चूल्हे के युग’ में लौटने पर मजबूर होना पड़ेगा।









