निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भ्रष्टाचार और संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत चीन ने गुरुवार को बड़ा कदम उठाया है। चीन ने म्यांमार से संचालित ऑनलाइन साइबर स्कैम नेटवर्क से जुड़े 11 दोषियों को फांसी देकर पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। इस कार्रवाई से न केवल अपराधियों बल्कि सेना और सरकारी तंत्र में जांच का सामना कर रहे अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया है।
म्यांमार स्कैम नेटवर्क से जुड़े थे सभी दोषी
ब्रिटिश अखबार द गार्जियन और चीनी राज्य मीडिया के अनुसार, जिन 11 लोगों को फांसी दी गई, वे सभी म्यांमार के उत्तरी सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय आपराधिक गिरोहों से जुड़े थे। ये गिरोह मुख्य रूप से ‘मिंग फैमिली क्रिमिनल ग्रुप’ का हिस्सा थे, जो वर्ष 2015 से क्रॉस-बॉर्डर टेलीकॉम फ्रॉड, अवैध जुआ, हत्या, गैरकानूनी हिरासत और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल थे।
Read More : आज छत्तीसगढ़ दौरे पर कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, कांग्रेस पर कसा तंज- उनका लड़ना ही काम
14 चीनी नागरिकों की मौत का आरोप
जांच में सामने आया है कि इन अपराधों के चलते कम से कम 14 चीनी नागरिकों की मौत हुई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। गिरोह म्यांमार में बड़े-बड़े स्कैम कंपाउंड्स संचालित करता था, जो अरबों डॉलर के अवैध साइबर उद्योग का हिस्सा माने जाते हैं।
अदालत और सुप्रीम कोर्ट से मिली थी मंजूरी
पूर्वी चीन के वेंझोउ शहर की अदालत ने सितंबर में इन 11 आरोपियों को मृत्युदंड सुनाया था। इसके बाद बीजिंग स्थित सुप्रीम पीपुल्स कोर्ट से सजा को अंतिम मंजूरी मिलने पर गुरुवार को फांसी की सजा पर अमल किया गया।
म्यांमार के स्कैम सेंटर्स पर वैश्विक चिंता
संयुक्त राष्ट्र पहले ही चेतावनी दे चुका है कि म्यांमार के कानूनविहीन इलाकों, खासकर मायावाडी क्षेत्र के KK पार्क, में साइबर स्कैम और मानव तस्करी का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है। यहां विदेशी नागरिकों, विशेषकर चीनी नागरिकों, को जबरन ऑनलाइन ठगी में लगाया जाता है। UNODC के अनुसार, यह अवैध उद्योग सालाना 40 अरब डॉलर तक की कमाई करता है।
चीन का सख्त संदेश
विशेषज्ञों का मानना है कि यह कार्रवाई शी जिनपिंग का स्पष्ट संदेश है कि भ्रष्टाचार, साइबर अपराध और संगठित गिरोहों के लिए चीन में कोई जगह नहीं है। आने वाले समय में इस तरह की और भी सख्त कार्रवाइयों की संभावना जताई जा रही है।











