Rewa Central Jail Theft : रीवा: मंगलवार की सुबह सीधी जिले से दो सगी बहनें अपने भाई विपिन रजक से मिलने केंद्रीय जेल रीवा पहुंची थीं। भाई आजीवन कारावास की सजा काट रहा है, जिससे मिलकर वे भावुक थीं, लेकिन जेल के बाहर उनके साथ जो हुआ उसने उन्हें बदहवास कर दिया।
जेल प्रहरियों की मौजूदगी में हुई चोरी
पीड़िता प्रीती रजक ने बताया कि जब वे मुलाकात के लिए गेट पर पहुंचीं, तो वहां तैनात महिला प्रहरियों ने सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए उनका पर्स और मोबाइल बाहर रखने को कहा। प्रहरियों के कहने पर उन्होंने अपना सामान गेट के पास रख दिया और भाई से मिलने विशेष कक्ष में चली गईं। मुलाकात के बाद जब वे बाहर आईं, तो वहां से मोबाइल और पैसों से भरा पर्स गायब था।
जब जेल प्रबंधन ने झाड़ा पल्ला
अपने पैरों तले जमीन खिसकते देख दोनों बहनों ने रो-रोकर महिला प्रहरियों और जेल प्रबंधन से मदद मांगी। आरोप है कि जेल प्रशासन ने उनकी फरियाद सुनने के बजाय हाथ खड़े कर दिए और जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया। चूंकि मोबाइल और पैसे चोरी हो चुके थे, बहनों के पास न तो घर वापस जाने का किराया बचा था और न ही खाने-पीने का कोई साधन।
थाना प्रभारी की दरियादिली
बदहवास हालत में दोनों बहनें स्थानीय लोगों की मदद से बिछिया थाने पहुंचीं। थाना प्रभारी ने उनकी पूरी आपबीती सुनी और न केवल मामला दर्ज किया, बल्कि तत्काल अपनी जेब से पैसे देकर दोनों बहनों को सुरक्षित सीधी भेजने का इंतजाम कराया। पुलिस की इस तत्परता और संवेदनशीलता की अब जिले भर में प्रशंसा हो रही है।













