Thursday, August 20, 2026
Home Madhya Pradesh Gwalior Gwalior Food Department Raid : मिलावटी मसाला फैक्ट्री पर प्रशासन का छापा;...

Gwalior Food Department Raid : मिलावटी मसाला फैक्ट्री पर प्रशासन का छापा; लकड़ी का बुरादा और गेहूं की भूसी मिलाकर तैयार हो रहे थे घातक मसाले

Gwalior Food Department Raid : ग्वालियर : ग्वालियर के दाल बाजार स्थित मंडी कमेटी वाली गली में संचालित एक मसाला फैक्ट्री में खाद्य विभाग ने छापा मारकर मिलावट के बड़े खेल का भंडाफोड़ किया है। ‘कल्ली शाह’ के नाम से रजिस्टर्ड इस फैक्ट्री में शुद्ध मसालों के बजाय लकड़ी का बुरादा, गेहूं की चापर (भूसी) और अन्य आपत्तिजनक सामग्रियां मिलाकर धनिया और मिर्च पाउडर तैयार किया जा रहा था।

गोपनीय सूचना पर हुई कार्रवाई

खाद्य विभाग को पिछले कई दिनों से शिकायत मिल रही थी कि इस फैक्ट्री में अमानक और मिलावटी खाद्य सामग्री तैयार की जा रही है। इसी आधार पर सोमवार को फूड सेफ्टी ऑफिसर की टीम ने अचानक दबिश दी। तलाशी के दौरान फैक्ट्री के अंदर भारी मात्रा में लकड़ी का बुरादा, गेहूं की चापर और खराब गुणवत्ता का खड़ा धनिया मिला, जिसे पीसकर पैकेट बंद मसालों में मिलाने की तैयारी थी।

फैक्ट्री सील, सैंपल लैब भेजे गए

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर मिले संदिग्ध सामान को जब्त कर लिया है और फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। विभाग का कहना है कि जब्त किए गए मसालों के सैंपल जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। यदि जांच में मसाले ‘सबस्टैंडर्ड’ या ‘असुरक्षित’ पाए जाते हैं, तो फैक्ट्री मालिक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बी.के. शिरोमणि, फूड सेफ्टी ऑफिसर, ग्वालियर

“हमें दाल बाजार स्थित कल्ली शाह की फैक्ट्री में मिलावट की सूचना मिली थी। निरीक्षण के दौरान वहां लकड़ी का बुरादा, गेहूं की चापर और अन्य मिलावटी सामान मिला है, जिसका उपयोग मसालों की मात्रा बढ़ाने और उन्हें तैयार करने में किया जा रहा था। हमने सैंपल ले लिए हैं और फैक्ट्री को फिलहाल सील कर दिया है। रिपोर्ट आने के बाद सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here