Indore news : इंदौर: नगर निगम की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। शहर के निर्माणाधीन मालवा मिल ब्रिज से नीचे गिरकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद विपक्ष के नेता ने नगर निगम पर गंभीर सवाल उठाए हैं, जबकि महापौर ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
यह हादसा सोमवार रात हुआ जब भागीरथपुरा निवासी गोलू कुशवाहा अपनी बाइक से जा रहा था। ब्रिज के निर्माणाधीन हिस्से में न तो कोई बैरिकेडिंग थी और न ही कोई सुरक्षा गार्ड तैनात था। बताया जा रहा है कि अंधेरे के कारण गोलू ब्रिज पर बने गड्ढे को नहीं देख पाया और बाइक समेत नीचे जा गिरा।
स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अगर वहां उचित सुरक्षा इंतजाम होते तो इस हादसे को टाला जा सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही परदेशीपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी आर.डी. कनवा ने बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि युवक नशे में था या नहीं, और इस मामले में किसकी लापरवाही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विपक्ष और प्रशासन की प्रतिक्रिया
घटना के बाद नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह हादसा निगम की लापरवाही और असंवेदनशीलता का परिणाम है।
Read More : New Income Tax Bill 2025 : संसद में पेश हुआ नया इनकम टैक्स बिल 2025, आम जनता की जेब पर होगा बड़ा असर….
वहीं, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दुख जताया। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।
यह घटना इंदौर जैसे स्मार्ट सिटी में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को उजागर करती है और यह सवाल खड़ा करती है कि क्या प्रशासन ऐसी लापरवाहियों से सबक लेगा या किसी और त्रासदी का इंतजार करेगा।











