रीवा। Rewa Missing Minor Girl: रीवा जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़कियों की गुमशुदगी और मानव तस्करी से जुड़े मामलों का आंकड़ा लगातार चिंताजनक रूप से बढ़ रहा है। पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए गए चलाए गए चलाए गए अभियानों के बावजूद कई मामलों में स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। ताजा मामला बैकुंठपुर क्षेत्र का है, जहां बीते सितंबर माह में एक ही घर से अचानक दो नाबालिग लड़कियां रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गई थीं। परिजनों के अथक प्रयास के बाद एक बच्ची को तो दस्तयाब कर लिया गया, लेकिन 16 वर्षीय किशोरी की तलाश अब तक पूरी नहीं हो सकी है।
लापता किशोरी की तलाश में पीड़ित मां अब वरिष्ठ अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर है। परिजनों का आरोप है कि स्थानीय निवासी विपिन साकेत (निवासी खजुआ) दोनों बच्चियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। शिकायत के बाद पुलिस ने एक बच्ची को बरामद कर लिया, लेकिन दूसरी 16 वर्षीय नाबालिग का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
रीवा में 16 वर्षीय बेटी की तलाश में भटक रही मां, दो नाबालिगों के लापता होने के मामले में एक बच्ची बरामद, दूसरे का अब तक सुराग नहीं। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया।
#RewaNews #MissingGirl #RewaPolice #MPNews #CrimeNews #रीवा #लापताबेटी #नाबालिग #पुलिस #मध्यप्रदेश https://t.co/Yv19ibo4mK
— Nishaanebaz.com (@nishaanebaz_com) October 29, 2026
पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंची पीड़ित मां ने बैकुंठपुर थाना पुलिस पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि बेटी की संभावित लोकेशन की जानकारी मिलने और पुलिस को देने के बाद भी स्थानीय पुलिस द्वारा मामले में कोई तत्परता या गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
पीड़िता ने बताया कि उसकी जेठ की लड़की ने घटना से जुड़े तथ्य उजागर किए थे, जिसमें संदिग्ध आरोपी विपिन साकेत का नाम प्रमुखता से सामने आया था। नामजद जानकारी और आरोपी की पहचान स्पष्ट होने के बावजूद पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी तक न पहुंच पाना पुलिस की कार्यशैली पर गहरे सवाल खड़े कर रहा है। पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द से जल्द नाबालिग बेटी को सकुशल वापस लाने की गुहार लगाई है।