गौरी शंकर गुप्ता/पत्थलगांव/जशपुर। Nishaanebaz.com-Pathalgaon Gambling Raid: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव से पत्रकारिता जगत को शर्मसार करने वाला एक बड़ा मामला सामने आया है। दिन के समय खुद को समाज का आईना और निष्पक्ष पत्रकार बताने वाले तथाकथित पत्रकार हरी जायसवाल को पुलिस ने आधी रात को जुए के फड़ से रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ढाबे के पीछे अंधेरे में ताश के पत्तों पर अपनी किस्मत आजमा रहे पत्रकार महोदय समेत कुल 9 जुआरियों को पुलिस ने धर दबोचा है।
ढाबे के पीछे चल रही थी जुए की महफिल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 11 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 12 बजे की है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मुड़ापारा स्थित एक ढाबे के पीछे जुआरियों का बड़ा जमावड़ा लगा हुआ था। ताश की 52 पत्तियों और नोटों के दांव पर सभी जुआरी मदहोश थे। इसी महफिल में पाकरगांव निवासी 36 वर्षीय हरी जायसवाल भी अपनी पत्रकारिता का रोब छोड़कर जुआ खेल रहे थे।
मुखबिर की पुख्ता सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस ने बिना समय गंवाए इलाके की घेराबंदी कर दी और अचानक धावा बोल दिया। पुलिस की इस त्वरित दबिश से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, लेकिन पुलिस की मजबूत घेराबंदी के चलते पत्रकार महोदय समेत किसी भी आरोपी को भागने का मौका नहीं मिला।
हजारों रुपए नगद और ताश के पत्ते जब्त
पुलिस ने मौके से कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 63,470 रुपये नगद और ताश की गड्डी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी हरी जायसवाल सहित सभी 9 लोगों के खिलाफ थाना पत्थलगांव में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पकड़े गए आरोपियों की सूची:
-
हरी जायसवाल (36 वर्ष, निवासी पाकरगांव)
-
मुकेश यादव (45 वर्ष, निवासी मुड़ापारा)
-
शरद बेहरा (38 वर्ष, निवासी पाकरगांव)
-
धनुमणि यादव (39 वर्ष, निवासी पाकरगांव)
-
मधु सूदन यादव (38 वर्ष, निवासी करंगाबहाल)
-
मो. फुल हसन (24 वर्ष, निवासी मुड़ापारा)
-
घनश्याम यादव (32 वर्ष, निवासी कछार)
-
दीपक बेहरा (34 वर्ष, निवासी पाकरगांव)
-
मनोज अम्बस्त (45 वर्ष, निवासी पाकरगांव)
लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर बट्टा और पुलिस का कड़ा संदेश
पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है, जिसका मुख्य दायित्व समाज में हो रहे अवैध कारोबार और अपराधों के खिलाफ आवाज उठाना है। लेकिन जब कलम थामने वाले लोग ही खुद आधी रात को जुए की गड्डी फेंटते नजर आएं, तो यह पूरी बिरादरी को कटघरे में खड़ा करता है।
डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन और एसडीओपी डॉ. ध्रुवेश जायसवाल के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र ताम्रकार व उनकी टीम ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। अपराधी चाहे कोई भी हो और कितना भी बड़ा रसूखदार होने का दावा करे, पुलिस का शिकंजा हर गैरकानूनी गतिविधि पर कसता रहेगा।


