गौरी शंकर गुप्ता/घरघोड़ा/रायगढ़। Nishaanebaz.com-Voter Awareness Campaign: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार और जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे मतदाता विशेष अभियान के तहत डॉ. भंवर सिंह पोर्ते शासकीय महाविद्यालय घरघोड़ा में 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर (कैंप) का आयोजन किया गया। संस्था के प्राचार्य डॉ. जगदीश तिर्की के मार्गदर्शन और रासेयो (NSS) कार्यक्रम अधिकारी एस.एल. साहू के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नव-युवाओं को लोकतंत्र की मुख्यधारा से जोड़ना और मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज कराना था।
‘आज का नौजवान देश का राष्ट्र निर्माता’ कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित घरघोड़ा के बीएलओ (BLO) अजय वर्गीस और बीआरसी (BRC) संतोष कुमार निषाद का छात्र-छात्राओं द्वारा पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत के साथ हुआ। प्रशिक्षण सत्र के दौरान बीएलओ अजय वर्गीस ने युवा छात्रों को ‘राष्ट्र निर्माता’ संबोधित करते हुए ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से मतदाता पंजीयन के फॉर्म-6, 7 और 8 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आह्वान किया कि जो छात्र 17 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं या उससे अधिक के हैं, वे तुरंत फॉर्म-6 भरकर अपने संबंधित बीएलओ के पास जमा करें और निर्वाचन आयोग के इस महाअभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
बीआरसी संतोष कुमार निषाद ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदाता पंजीयन प्रक्रिया के दौरान यदि किसी भी छात्र को कोई कठिनाई आती है, तो प्रशासन और उनकी टीम हरसंभव मदद के लिए तैयार है।
निर्भीक और निष्पक्ष होकर करें मताधिकार का प्रयोग महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश तिर्की ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें बिना किसी प्रलोभन के निर्भीक, निष्पक्ष और निडर होकर एक योग्य उम्मीदवार का चयन करने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में ईएलसी (ELC) प्रभारी रामप्यारे सूर्यवंशी ने जानकारी दी कि महाविद्यालय की हर कक्षा से एक छात्र और एक छात्रा का चयन किया गया है, जो 17+ आयु वर्ग के अन्य विद्यार्थियों को फॉर्म-6 भरने और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में सहयोग करेंगे। ईएलसी प्रभारी सूर्यवंशी ने ही सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया, जबकि पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन ईक्यूएसी (EQAC) प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने किया। इस विशेष शिविर में महाविद्यालयीन समस्त स्टाफ के साथ-साथ रासेयो स्वयंसेवक और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


